IND vs WI: 2027 वर्ल्ड कप को लेकर विराट कोहली ने साफ किया अपना प्लान, बोले- भारत के लिए होगा आखिरी वर्ल्ड कप

Virat Kohli On 2027 World Cup: वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। कोहली ने साफ कर दिया है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे और यह भारत के लिए उनका आखिरी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट होगा।

Knews Desk– भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने वाली है। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। केरल में भारतीय टीम के 15 सदस्यीय दल के साथ अभ्यास कर रहे 37 वर्षीय कोहली ने उन तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है, जिनमें उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। उन्होंने कहा है कि वह साउथ अफ्रीका में होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलेंगे और यह भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा।

जियो स्टार से बातचीत के दौरान विराट कोहली ने 2027 वर्ल्ड कप को लेकर अपने इरादे जाहिर किए। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह भारत के लिए खेलने वाला आखिरी वर्ल्ड कप होगा और यही मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। मैं मैदान पर अपनी पूरी जान झोंक देना चाहता हूं। हमारा लक्ष्य निश्चित रूप से वर्ल्ड कप जीतना है, और इसके लिए जो भी त्याग या मेहनत करनी होगी, मैं उसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।”

विराट कोहली के वर्ल्ड कप खेलने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उनका मौजूदा प्रदर्शन भी चर्चा में है। साल 2026 में उन्होंने अब तक 6 वनडे मुकाबलों में 64.00 की औसत से 384 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। वहीं, पिछले 10 वनडे मुकाबलों में कोहली ने 3 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। 37 साल की उम्र में भी उनका प्रदर्शन और फिटनेस लगातार सुर्खियों में है।

विराट कोहली ने इस दौरान भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि शुभमन बतौर कप्तान अभी सीख रहे हैं और इस भूमिका में नए हैं, लेकिन टीम इंडिया की अगुवाई करने के लिए उनके पास सही नजरिया और आक्रामकता है। कोहली के मुताबिक, मैदान पर टीम को किस तरह आगे बढ़ाना है, इसे लेकर गिल की योजनाएं स्पष्ट हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टीम को सही दिशा में ले जाने का जुनून गिल के अंदर मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *