Avatar 4 और Avatar 5 की रिलीज डेट का ऐलान, जानिए कब सिनेमाघरों में आएंगी दोनों फिल्में

‘अवतार’ फ्रेंचाइजी में दो नए पार्ट जुड़ने वाले हैं। डिज्नी ने ‘अवतार 4’ और ‘अवतार 5’ की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। जेम्स कैमरून की इस फ्रेंचाइजी के पिछले तीनों पार्ट दुनियाभर में शानदार कमाई कर चुके हैं।

Knews Desk – जब भी दुनियाभर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की बात होती है, तो मशहूर हॉलीवुड डायरेक्टर जेम्स कैमरून की ‘अवतार’ का नाम जरूर आता है। यह पूरी दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इसके दूसरे और तीसरे पार्ट ने भी बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की थी। अब ‘अवतार’ फ्रेंचाइजी में दो नए पार्ट जुड़ने वाले हैं। डिज्नी ने इस फ्रेंचाइजी की चौथी और पांचवीं फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है।

कोलाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, डिज्नी ने आधिकारिक तौर पर ‘अवतार 4’ और ‘अवतार 5’ को अपनी अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट में शामिल कर लिया है। रिपोर्ट में बताया गया कि अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में आयोजित एक इवेंट के दौरान दोनों फिल्मों को बड़े प्रोजेक्ट्स के तौर पर पेश किया गया और उनकी रिलीज डेट भी सामने आई।

‘अवतार 4’ 21 दिसंबर 2029 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी। इसके दो साल बाद ‘अवतार 5’ रिलीज होगी, जिसकी रिलीज डेट 19 दिसंबर 2031 तय की गई है। अर्जेंटीना में आयोजित इवेंट के दौरान दोनों फिल्मों की रिलीज डेट की जानकारी दी गई। इस घोषणा के साथ ही ‘अवतार’ फ्रेंचाइजी के फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।

‘अवतार’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत साल 2009 में हुई थी। पहले पार्ट ने कमाई के मामले में इतिहास रच दिया था। फिल्म ने दुनियाभर में 2.92 बिलियन डॉलर यानी करीब 27 हजार करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद 2022 में ‘अवतार 2’ रिलीज हुई। दूसरे पार्ट ने 2.33 बिलियन डॉलर यानी करीब 21 हजार करोड़ रुपये कमाए।

साल 2025 में ‘अवतार 3’ रिलीज हुई और इसे भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। तीसरे पार्ट ने 1.4 बिलियन डॉलर यानी भारतीय रुपये के हिसाब से करीब 13 हजार करोड़ रुपये की कमाई की। यानी तीनों पार्ट के जरिए यह फ्रेंचाइजी अब तक लगभग 61 हजार करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।

अब ‘अवतार 4’ और ‘अवतार 5’ के साथ जेम्स कैमरून की यह मशहूर फ्रेंचाइजी एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपना जादू बिखेरने की तैयारी में है। दोनों फिल्मों की रिलीज के बीच दो साल का अंतर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *