KNEWS DESK- लखनऊ में समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बिताए दिनों को याद करते हुए अखिलेश यादव को लेकर भी अपनी बात रखी।
आजम खान ने कहा कि जेल में रहते हुए वह अपने बेटे अब्दुल्ला और वहां मौजूद लोगों से कहते थे कि दिल चाहता है कि छह महीने के लिए अखिलेश यादव भी जेल आ जाते, ताकि उन्हें पता चलता कि जेल में दिन और रात कैसे गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने जेल में बेहद दर्दनाक समय गुजारा है।
आजम खान ने अपने जेल के दिनों का किस्सा सुनाते हुए कहा कि एक दिन जेल के अधिकारियों ने उन्हें उठाकर सामान बांधने को कहा। जेल से बाहर निकलने के बाद उन्हें अलग-अलग गाड़ियों में बैठने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने बेटे से कहा था कि अलग हुए तो फिर यहां मिलेंगे, नहीं मिले तो वहां मिलेंगे।
आजम खान ने कहा कि वह हर रात अपने मालिक से दुआ करते थे कि अगर कोई गम की सुबह आने वाली है तो उन्हें सुबह न दिखे। उन्होंने कहा कि जब उनकी औलाद पूछती थी कि क्या वे कभी जेल से बाहर निकलेंगे, तो ऐसा लगता था जैसे किसी ने दिल में खंजर डाल दिया हो।
सरकार पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि जेल में रहना उतनी बड़ी समस्या नहीं है, जितना एक पिता का अपने बेटे को जेल में रहते हुए देखना। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ जो हुआ, वैसा जुल्म अंग्रेजों ने भी नहीं किया। उन्होंने अपनी 85 साल की बहन को घसीटकर थाने ले जाने और अपनी मां का वारंट जारी होने का भी जिक्र किया।
आजम खान ने कहा कि वह लोगों को बांटने वाले नहीं, बल्कि जोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्हें पता नहीं था कि उनका बेटा जिंदा है और हरदोई जेल में है, तब उनका दिल अशांत था। उन्होंने अपने खिलाफ मीडिया में प्रकाशित खबरों और आरोपों का भी जिक्र किया।