संविधान को लेकर अमित शाह का बड़ा बयान, बोले- ‘सरकार चलाने की गाइडबुक बनकर रह गया’

दिल्ली बीजेपी के ‘संविधान गौरव दिवस’ सेमिनार में गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान की मूल भावना, संवैधानिक व्यवस्था और समान कानून को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि शासन संविधान के दायरे में रहकर ही चलाया जाना चाहिए।

Knews Desk – संविधान दिवस के मौके पर दिल्ली बीजेपी ने ‘संविधान गौरव दिवस’ सेमिनार का आयोजन किया, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना सभी भारतीयों के लिए एक महत्वपूर्ण और गर्व की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक गाइडबुक के रूप में देखने की कोशिश की गई और देश के किशोरों, युवाओं और नागरिकों के बीच इसकी भावना को जगाने और मजबूत करने की प्रक्रिया को भुला दिया गया।

अमित शाह ने कहा कि जब 2014 में नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने, तो 2015 में उन्होंने तय किया कि हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, ताकि संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को हर स्कूल, कॉलेज और सभी नागरिकों तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जो लोग देश की सभ्यता का विरोध कर रहे हैं, उन्हें संविधान की मूल प्रति जरूर देखनी चाहिए। अमित शाह ने कहा कि अगर किसी के पास संविधान के लिए 10 से 15 मिनट का समय है, तो उसे एक बार संविधान की मूल प्रति जरूर देखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत उन चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्री राम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाया गया है।

अमित शाह ने कहा कि जो लोग अपने हाथों में संविधान लेकर घूमते हैं, उनसे उनका विनम्र निवेदन है कि वे संसद की लाइब्रेरी जाएं, संविधान के लिए 15 मिनट का समय निकालें और संविधान की मूल भावना को समझने के लिए नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्रों को देखें।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि सत्ता जनता के माध्यम से प्राप्त होगी और जनता के माध्यम से ही आगे बढ़ेगी। उन्होंने जनता को यह तय करने का अधिकार दिया कि सत्ता किसे सौंपी जाए और जिन्हें सत्ता मिलती है, उनके लिए यह रास्ता तय किया कि शासन संविधान के दायरे में रहकर ही चलाया जाना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि एक तरफ जनता को यह तय करने का अधिकार दिया गया कि सत्ता किसके पास होगी और दूसरी तरफ सत्ता पाने वालों के लिए यह रास्ता तय किया गया कि उन्हें संवैधानिक सीमाओं के भीतर रहकर ही शासन करना होगा।

अमित शाह ने कहा कि प्रस्तावना का हर एक शब्द एक महान भारत के निर्माण के लिए घोषित किया गया था। उन्होंने कहा कि देश में सत्ता का कई बार हस्तांतरण हुआ, लेकिन एक बूंद भी खून नहीं बहा। सत्ता का यह हस्तांतरण संवैधानिक प्रक्रिया के अनुसार हुआ।

नक्सलवाद को लेकर अमित शाह ने कहा कि जब वह बस्तर जाते हैं और 80 साल के किसी बुजुर्ग को देखते हैं, जिसके पास आज भी राशन कार्ड नहीं है, जिसका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है और जिसके घर में न तो बिजली है और न ही पीने के पानी की सुविधा, तब उन्हें अहसास होता है कि नक्सलवाद ने कितना नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की राजनीतिक इच्छाशक्ति वाली सरकार ने इसे जड़ से खत्म किया और उन 21 करोड़ लोगों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने का काम किया।

UCC को लेकर अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने समान नागरिक संहिता यानी UCC को नीति-निर्देशक तत्वों में शामिल किया था। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को, चाहे वह किसी भी धर्म का हो, हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी, एक समान कानून के तहत जीने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून धर्म के आधार पर नहीं बनने चाहिए।

अमित शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में जिन राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं, वहां UCC लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमारे संविधान निर्माताओं ने UCC को हमारे नीति-निर्देशक तत्वों में शामिल किया था।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *