Knews Desk– हॉकी के सबसे बड़े टूर्नामेंट FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट कई मायनों में खास है, क्योंकि पहली बार पुरुष और महिला दोनों वर्ल्ड कप का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। दोनों टूर्नामेंट 15 अगस्त से शुरू होंगे और इनके मुकाबले नीदरलैंड और बेल्जियम में खेले जाएंगे। पुरुषों का फाइनल 30 अगस्त और महिलाओं का फाइनल 29 अगस्त को होगा।
इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी नीदरलैंड और बेल्जियम मिलकर कर रहे हैं। नीदरलैंड के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम और बेल्जियम के नए बेल्फियस हॉकी एरीना में मुकाबले खेले जाएंगे। पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं में 16-16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों को चार-चार के चार पूल में बांटा गया है। हर टीम अपने पूल की बाकी तीन टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी।इस बार हॉकी वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़ा बदलाव किया गया है। पहली बार तीन राउंड वाला फॉर्मेट लागू किया जा रहा है। पहले ग्रुप स्टेज के बाद सीधे नॉकआउट की जगह एक और ग्रुप स्टेज खेली जाएगी। पहले चरण में हर पूल की शीर्ष दो टीमें अगले राउंड में पहुंचेंगी, जबकि निचले स्थान पर रहने वाली टीमें 9वें से 16वें स्थान के लिए मुकाबला करेंगी।
दूसरे ग्रुप स्टेज में पहले राउंड से क्वालिफाई करने वाली आठ टीमों को दो नए पूल में बांटा जाएगा। पूल E में पूल A और D की शीर्ष दो-दो टीमें होंगी, जबकि पूल F में पूल B और C की शीर्ष दो-दो टीमें शामिल होंगी। इस चरण में टीमें दूसरे पूल से आई टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। पहले चरण में एक-दूसरे के खिलाफ खेले गए मैच का परिणाम और अंक भी अगले चरण में जोड़े जाएंगे। इसके बाद दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।भारतीय पुरुष टीम को पूल D में पाकिस्तान, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है। भारत अपना पहला मुकाबला 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ खेलेगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। इसके बाद 17 अगस्त को भारत का सामना इंग्लैंड से शाम 6:30 बजे होगा। पूल स्टेज में भारत और पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत 19 अगस्त को होगी। यह मुकाबला शाम 6:30 बजे शुरू होगा। भारतीय पुरुष टीम अपने सभी पूल मैच नीदरलैंड में खेलेगी।
भारतीय महिला टीम को भी पूल D में जगह मिली है। उसके साथ चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें हैं। भारतीय महिला टीम अपना पहला मुकाबला 16 अगस्त को चीन के खिलाफ शाम 4:30 बजे खेलेगी। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला होगा। दोनों मैच शाम 6:30 बजे शुरू होंगे।भारत में हॉकी वर्ल्ड कप के मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट Star Sports Network पर किया जाएगा। इसके अलावा दर्शक DD Sports पर भी मुकाबले देख सकेंगे। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध होगी। इस बार पुरुष और महिला वर्ल्ड कप का एक साथ आयोजन और नया तीन-राउंड फॉर्मेट टूर्नामेंट को पहले से ज्यादा रोमांचक बनाने वाला है।