डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है। यहां डुमरियागंज में आयोजित एक सार्वजनिक भंडारे में प्रसाद लेने पहुंचे एक मुस्लिम शख्स से भाजपा नेता ने जय श्रीराम का नारा लगाने को कहा। नेता का कहना था कि नारा लगाने पर ही प्रसाद दिया जाएगा, जिसके बाद मुस्लिम शख्स ने भी हंसते हुए नारा लगाया और प्रसाद ग्रहण किया। जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज ब्लॉक के सामने दोपहर करीब 3 बजे एक भंडारे का आयोजन किया गया था। इस भंडारे में भाजपा नेता लवकुश ओझा अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे और श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी का प्रसाद बांट रहे थे। इसी बीच एक स्थानीय मुस्लिम व्यक्ति पत्तल में सब्जी लेकर पूड़ी लेने के लिए काउंटर पर पहुंचा। तभी वहां भगवा गमछा लपेटे खड़े भाजपा नेता लवकुश ओझा ने उसे रोक लिया और कहा, “बोलो जय श्रीराम… बोलो जय श्रीकृष्णा। जय श्रीराम बोलोगे तभी प्रसाद मिलेगा।”
शख्स ने धीमी आवाज में लगाया नारा, फिर मिला प्रसाद
भाजपा नेता की यह शर्त सुनकर वहां खड़े अन्य लोग हंसने लगे। माहौल को भांपते हुए उस मुस्लिम शख्स ने भी बिना किसी विरोध के मुस्कुराते हुए धीमी आवाज में ‘जय श्रीराम’ का नारा लगा दिया। इसके बाद भाजपा नेता लवकुश ओझा ने खुश होकर उसकी पत्तल में दो पूड़ियां परोसीं। यह पूरा वाकया वहां मौजूद किसी शख्स ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पूर्व विधायक के करीबी हैं भाजपा नेता
प्रसाद बांट रहे भाजपा नेता लवकुश ओझा क्षेत्र के एक रसूखदार राजनीतिक चेहरे हैं। उनकी पत्नी भनवापुर की ब्लॉक प्रमुख हैं और लवकुश ओझा अपनी पत्नी के प्रतिनिधि के रूप में कार्यभार संभालते हैं। इसके साथ ही उन्हें डुमरियागंज के पूर्व फायरब्रांड भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह का बेहद करीबी सहयोगी माना जाता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो धड़ों में बंट गए हैं। कुछ लोग इसे आपसी सौहार्द और मर्यादा पुरुषोत्तम के नाम पर एकजुटता के रूप में देख रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग भोजन के लिए इस तरह की शर्त रखने पर सवाल उठा रहे हैं।