सपा सांसद के बेटे की शादी में पहुंचे पूर्व विधायक की जेब कटी, 27 हजार नकद और सगुन का लिफाफा गायब

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के संभल में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे के रिसेप्शन में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व विधायक और नेता हाजी इकराम कुरैशी की जेब कट गई। उनकी जेब से करीब 27 हजार रुपये नकद और सगुन के लिए रखा 2500 रुपये का लिफाफा चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी अन्य मेहमानों को हुई तो रिसेप्शन के माहौल में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, संभल-बहजोई में सपा के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे का रिसेप्शन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेहमान पहुंचे थे। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव भी दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने कार्यक्रम में पहुंचे थे।

जेब टटोली तो गायब मिले रुपये

कार्यक्रम में वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद आरोप है कि भारी भीड़ के बीच जेबकतरे भी कार्यक्रम में पहुंच गए। इसी दौरान पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी को अपनी जेब कटने का पता चला।

बताया गया कि हाजी इकराम कुरैशी की जेब में करीब 27 हजार रुपये से ज्यादा नकद थे। इसके अलावा उन्होंने सगुन के तौर पर देने के लिए 2500 रुपये का लिफाफा भी रखा था। जेब कटने का पता चलने के बाद उन्होंने इसकी जानकारी आसपास मौजूद लोगों को दी।

घटना की खबर फैलते ही कार्यक्रम में मौजूद दूसरे मेहमान भी अपनी-अपनी जेबें टटोलने लगे। इससे कुछ देर के लिए रिसेप्शन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वीआईपी कार्यक्रम में जेब कटने की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा और पुलिस निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मेहमानों का कहना है कि आमतौर पर राह चलते जेब कटने की घटनाएं सुनने को मिलती हैं, लेकिन अब वीआईपी कार्यक्रम में भी ऐसी घटना सामने आ गई।

जेब कटने की जानकारी सामने आने के बाद पत्रकारों ने पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी से कुछ सवाल किए। खबर के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने जवाब दिया, लेकिन बाद में वह अचानक भड़क गए।

फिलहाल इस घटना में जेब काटने वाले आरोपी की पहचान और बरामदगी को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *