AAP विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने बदला राजनीतिक ठिकाना, अकाली दल में हुए शामिल

Knews Desk – मंत्री पद नहीं मिलने और 2027 विधानसभा चुनाव के लिए टिकट काटे जाने से नाराज आम आदमी पार्टी के चमकौर साहिब से मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह अब शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। उनके अकाली दल में शामिल होने की जानकारी पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की।

सुखबीर सिंह बादल ने डॉ. चरणजीत सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में उनकी अच्छी प्रतिष्ठा है। उन्होंने भरोसा जताया कि डॉ. चरणजीत सिंह और उनकी टीम को अकाली दल में उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके पार्टी में शामिल होने से इस क्षेत्र में अकाली दल और मजबूत होगा।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की सियासत में बड़ा बदलाव

डॉ. चरणजीत सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव में चमकौर साहिब निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर सबको चौंका दिया था। इस जीत के बाद वह पंजाब की राजनीति में चर्चा में आए थे।

हालांकि, 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने चमकौर साहिब सीट से डॉ. चरणजीत सिंह की जगह बसपा के पूर्व पंजाब अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। टिकट कटने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह की पार्टी नेतृत्व से नाराजगी खुलकर सामने आई।

डॉ. चरणजीत सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि पार्टी ने उनके साथ दो बार विश्वासघात किया। उन्होंने कहा कि 2022 में चन्नी को हराने के बावजूद उन्हें भगवंत मान सरकार में मंत्री नहीं बनाया गया और अब चुनाव से पहले उनका टिकट भी रद्द कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने टिकट रद्द करने का कारण उन्हें नहीं बताया।

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले टिकटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक दलों में असंतोष और दलबदल का दौर जारी है। ऐसे में डॉ. चरणजीत सिंह का अकाली दल में जाना चमकौर साहिब क्षेत्र की सियासत के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *