Mix Vegetable Chilla Recipe: नाश्ते में सब्जियों से बनाएं हेल्दी और स्वादिष्ट चीला, नाश्ते में मिलेगा भरपूर स्वाद

Chilla Recipe: रोजाना के पराठे और चाय से अगर हो गए हैं बोर, तो ट्राई करें मिक्स वेजिटेबल चीला। चावल और चना दाल के बैटर में ढेर सारी सब्जियां मिलाकर तैयार किया गया यह चीला स्वादिष्ट होने के साथ पेट भरने वाला भी है।

KNEWS DESK- सुबह या शाम के नाश्ते में रोजाना एक जैसा खाना कई बार बोरिंग लगने लगता है। ऐसे में अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ अलग भी हो, तो मिक्स वेजिटेबल चीला एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे चावल और चना दाल के बैटर में कई तरह की सब्जियां मिलाकर तैयार किया जाता है।

नाश्ते में बनाएं सुपर टेस्टी एंड हेल्दी बेसन पनीर स्टफ्ड चीला, नोट करें  रेसिपी - India TV Hindi

इस चीले में पत्ता गोभी, गाजर, मटर, पालक और मेथी जैसी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है। आप इसे सुबह नाश्ते में या शाम की चाय के साथ भी खा सकते हैं। खास बात यह है कि इसे बनाना भी काफी आसान है। आइए जानते हैं मिक्स वेजिटेबल चीला बनाने की आसान रेसिपी।

मिक्स वेजिटेबल चीला बनाने के लिए सामग्री

  • चावल – 1 कप
  • चना दाल – 1 कप
  • पत्ता गोभी – 1 कप
  • प्याज – 1 बारीक कटा हुआ
  • लहसुन – 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा हुआ
  • हरी मिर्च – 1-2 बारीक कटी हुई
  • अदरक – 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ
  • गाजर – 1 बारीक कटी हुई
  • पालक – आधा कप बारीक कटा हुआ
  • मेथी के पत्ते – आधा कप बारीक कटे हुए
  • मटर – आधा कप उबले हुए
  • जीरा – आधा चम्मच
  • धनिया पाउडर – आधा चम्मच
  • हल्दी – आधा छोटा चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार
  • धनिया पत्ती – जरूरत के अनुसार
  • पानी – जरूरत के अनुसार
  • तेल – जरूरत के अनुसार

कैसे बनाएं मिक्स वेजिटेबल चीला?

सबसे पहले चावल और चना दाल को अच्छी तरह धोकर 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। तय समय के बाद पानी निकालकर चावल और दाल को मिक्सी में डालें और बारीक पीस लें। तैयार मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें।

अब इस बैटर में बारीक कटी पत्ता गोभी, प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, गाजर, उबले हुए मटर, पालक और मेथी के पत्ते डालें। इसके बाद जीरा, धनिया पाउडर, हल्दी, नमक और बारीक कटी धनिया पत्ती डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

बैटर को जरूरत के हिसाब से पानी डालकर तैयार करें। ध्यान रखें कि बैटर न तो बहुत गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला। अब गैस पर तवा रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें। तवे पर थोड़ा तेल डालें और एक बड़े चम्मच की मदद से बैटर डालकर गोल आकार में फैला दें।

चीले के किनारों पर थोड़ा तेल डालें और इसे मध्यम आंच पर पकने दें। जब नीचे की तरफ से चीला सुनहरा और अच्छी तरह पक जाए तो सावधानी से पलट दें। दूसरी तरफ से भी तेल लगाकर अच्छी तरह सेंक लें।

जब चीला दोनों तरफ से अच्छी तरह पक जाए तो इसे प्लेट में निकाल लें। इसी तरह बाकी बैटर से भी चीले तैयार कर लें।

चटनी या चाय के साथ करें सर्व

मिक्स वेजिटेबल चीला तैयार होने के बाद इसे गर्मागर्म परोसें। इसे हरी चटनी, दही या अपनी पसंद की चटनी के साथ खाया जा सकता है। शाम की चाय के साथ भी इसका स्वाद बढ़ जाता है। सब्जियों से भरपूर यह चीला रोजाना के नाश्ते में एक अलग और स्वादिष्ट विकल्प हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *