थाने में ही कारोबारी को जान से मारने की धमकी, पुलिस के सामने आरोपी ने कहा- गोली मारकर जेल चला जाऊंगा

Knews Desk – उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सदर बाजार थाने के अंदर कारोबारी को जान से मारने की कथित धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि थाना प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय में बातचीत के दौरान राहुल नाम के व्यक्ति ने कारोबारी अमन यादव के साथ गाली-गलौच की और पुलिस अधिकारियों के सामने ही गोली मारने की धमकी दे दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सहारनपुर के सदर बाजार थाने में समझौते की बातचीत के दौरान हुआ विवाद

मामला हसनपुर चुंगी के पास महादेव कॉलोनी का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले अमन यादव की कृष्णा एंटरप्राइजेज के नाम से प्लाईवुड की दुकान है। जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले पांच से छह नकाबपोश युवक उनकी दुकान पर पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों से दुकान पर हमला कर तोड़फोड़ और हंगामा किया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

इसी मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी सिलसिले में आरोपी पक्ष की ओर से राहुल नाम का व्यक्ति सदर बाजार थाने पहुंचा था। बातचीत थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद के कार्यालय में हो रही थी और उस दौरान कारोबारी अमन यादव भी वहां मौजूद थे।

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कारोबारी से गाली-गलौच का आरोप

आरोप है कि बातचीत के दौरान राहुल अचानक भड़क गया और अमन यादव के साथ गाली-गलौच करने लगा। इसके बाद उसने कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने पुलिस अधिकारियों के सामने कहा कि वह गोली मारकर जेल चला जाएगा।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में राहुल और कारोबारी के बीच तीखी बहस और अभद्र व्यवहार होता दिखाई दे रहा है। थाने के अंदर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इस तरह की धमकी दिए जाने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

मामले को लेकर सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। हालांकि, थाने के अंदर दी गई कथित जान से मारने की धमकी और वायरल वीडियो को लेकर जांच की जा रही है।

अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों के आधार पर आरोपी के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *