सीएम योगी की यूपी पुलिस को दो टूक…. ड्यूटी के दौरान रील बनाना अनुशासनहीनता, ऐसा काम न करें जिससे सिस्टम हंसी का पात्र बने

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी पुलिस के जवानों और अधिकारियों को अनुशासन का कड़ा पाठ पढ़ाया है। सीएम योगी ने पुलिसकर्मियों द्वारा ऑन-ड्यूटी सोशल मीडिया पर वीडियो और रील्स बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के वक्त रील्स बनाना अनुशासनहीनता का हिस्सा है और इससे खाकी की गरिमा को ठेस पहुंचती है।

“रील नहीं, ड्यूटी के प्रति सजग रहें”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को नसीहत देते हुए कहा, “हम लोग अक्सर देखते हैं कि ड्यूटी के दौरान लोग ‘रील’ बनाते रहते हैं। यह अनुशासनहीनता का एक पार्ट है। उस समय हमें अपनी ड्यूटी के प्रति सजग रहना होगा, न कि रील बनाना होगा।” उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि हमें इस बात का पूरा ध्यान रखना चाहिए कि हम जिस जिम्मेदारी को संभाल रहे हैं, उसके प्रति उतनी ही सतर्कता और गंभीरता भी हमारे भीतर होनी चाहिए। तभी पुलिस बल गरिमापूर्ण तरीके से समाज को बेहतर परिणाम दे पाएगा।

“ऐसा काम न करें जिससे सिस्टम पर उंगली उठे”

सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के वीडियो वायरल होने के बाद उठने वाले सवालों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी को भी ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे विभाग या सरकार अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बने। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे होते हैं जो खुद तो कुछ कर नहीं सकते, लेकिन वे सिस्टम पर अनावश्यक रूप से उंगली उठाने का प्रयास करते रहते हैं। पुलिसकर्मियों का ऐसा व्यवहार इन तत्वों को मौका देता है।

टीम भावना से काम करने की अपील

सीएम योगी ने पुलिस बल को टीम भावना की अहमियत समझाते हुए कहा कि जिसकी जहां भी ड्यूटी लगाई गई है, अगर वह पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपना कार्य करेगा, तो परिणाम अपने आप सामने आएगा। उस सकारात्मक परिणाम को धरातल पर लाने के लिए हम सबको एक टीम के रूप में आगे बढ़ना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *