अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रयागराज से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया। सरदार पटेल संस्थान में आयोजित विजय संकल्प रैली के जरिए उन्होंने पार्टी की ताकत का प्रदर्शन किया और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए पूरी मजबूती के साथ जुटने का आह्वान किया। रैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे।
Knews Desk – सरदार पटेल संस्थान पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनुप्रिया पटेल का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने सबसे पहले सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नीले और केसरिया रंग के गुब्बारे उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर विजय संकल्प रैली की शुरुआत की। मंच से उन्होंने सरदार पटेल समेत अन्य महापुरुषों और अपना दल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. सोनेलाल पटेल को नमन किया।
रैली के दौरान ‘डॉ. सोनेलाल पटेल अमर रहें’ और ‘अनुप्रिया पटेल जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए। भारी भीड़ को देखकर अनुप्रिया पटेल ने इसे अद्भुत, अविस्मरणीय और अकल्पनीय बताया और प्रयागराज की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज की धरती ने हमेशा अपना दल के झंडे को बुलंद किया है और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती दी है।
तीसरी बड़ी राजनीतिक ताकत होने का दावा
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रयागराज और प्रतापगढ़ की धरती अपना दल के संघर्ष और सफलता की गवाह रही है। उन्होंने पार्टी के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में अपना दल एस ने 11 सीटों पर चुनाव लड़कर 9 सीटें जीती थीं, जबकि 2022 में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 13 सीटों पर जीत हासिल की। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में अपना दल एस तीसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित है।
उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी का लक्ष्य शत-प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करना है। अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से हर सीट पर जीत के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
सामाजिक न्याय के मुद्दों पर पार्टी का रुख दोहराया
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपना दल एस अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता से समझौता नहीं करता। उन्होंने जातीय जनगणना, मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में OBC आरक्षण और आउटसोर्सिंग की भर्तियों में आरक्षण जैसे मुद्दों का जिक्र किया। उन्होंने पिछड़ा वर्ग के लिए अलग मंत्रालय बनाने और OBC क्रीमी लेयर की सीमा 8 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने की मांग भी दोहराई।
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि इन मांगों को मजबूती तभी मिलेगी, जब पार्टी की राजनीतिक ताकत और बढ़ेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की सीटें बढ़ाने की मांग भी उठाई और कहा कि पार्टी जितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, हर सीट पर जीत के लिए पूरी ताकत लगाएगी।
महिला आरक्षण को लेकर भी विपक्ष पर निशाना
अनुप्रिया पटेल ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र पर निशाना साधते हुए उसे झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने युवाओं को रोजगार और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष से उसके शासनकाल का हिसाब मांगने की बात कही।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महिलाएं अब जागरूक हैं और संसद से लेकर विधानसभा तक अपनी भागीदारी बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अपना दल एस महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण के पक्ष में है।
2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
रैली के अंत में अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने ‘हर हाथ में झंडा, हर दिल में जज्बात और हर जुबान पर सिर्फ अपना दल जिंदाबाद’ का नारा दिया।
विजय संकल्प रैली के जरिए अनुप्रिया पटेल ने यह संदेश देने की कोशिश की कि अपना दल एस आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी और ताकत दोनों बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी ने बुंदेलखंड से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक अपने विस्तार का भी दावा किया।