फुल्की खाने के बाद बिगड़ी 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत, सिद्धार्थनगर में बच्चों समेत कई अस्पताल पहुंचे

दीपावली के दौरान उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में फुल्की खाने के बाद 100 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। खेसरहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर, पेड़ारी समेत आसपास के दो-तीन गांवों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचे। कई छोटे बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है और सभी पीड़ितों का इलाज मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में जारी है।

Knews Desk – जानकारी के मुताबिक, खेसरहा क्षेत्र के गांवों में एक स्थानीय फुल्की विक्रेता घूम-घूमकर फुल्की बेचता था। ग्रामीणों ने उससे फुल्की खाई थी। इसके कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। एक के बाद एक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांवों में अफरा-तफरी मच गई।

पहले स्थानीय दवाखानों में कराया गया इलाज

शुरुआत में परिजन बीमार लोगों को स्थानीय दवाखानों में ले गए। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने और उल्टी-दस्त व पेट दर्द की शिकायत बढ़ने के बाद मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा और नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

स्थिति को देखते हुए कई मरीजों को जिला मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर किया गया। अस्पताल में भर्ती ज्यादातर मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि कुछ छोटे बच्चों की हालत गंभीर है। डॉक्टरों की टीम बच्चों समेत अन्य मरीजों की लगातार निगरानी कर रही है और उपचार दिया जा रहा है।

एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के बाद पीड़ित परिवारों में चिंता का माहौल है। दीपावली के दिन हुई इस घटना से कई गांवों में त्योहार की खुशियां फीकी पड़ गईं। पीड़ित सुखई और बीमार बच्चे के बाबा भोला से भी बातचीत की गई। मरीजों की संख्या, उनकी वर्तमान स्थिति और घटना के संभावित कारणों को लेकर इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर और सीएमओ सिद्धार्थनगर का पक्ष लिया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *