बिहार के नालंदा जिले में दीपावली से पहले 22 वर्षीय युवक की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। पत्नी के मायके से ससुराल नहीं लौटने को लेकर परेशान युवक ने कथित तौर पर पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान आत्महत्या कर ली। पत्नी की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Knews Desk – घटना नालंदा थाना क्षेत्र के रंगीला बिगहा गांव की है। मृतक की पहचान राजेंद्र यादव के पुत्र विक्रम कुमार के रूप में हुई है। विक्रम ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो साल पहले उसकी शादी नवादा जिले के रजौली निवासी प्रीति कुमारी से हुई थी। दोनों का एक साल का बच्चा भी है।
दीपावली पर घर लौटने को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के मुताबिक, प्रीति करीब 15 दिन पहले मायके चली गई थी। दीपावली और छठ का त्योहार नजदीक आने पर विक्रम पत्नी को घर लौटने के लिए कह रहा था। बताया जा रहा है कि पत्नी ने दीपावली पर ससुराल आने से इनकार करते हुए करीब दो महीने बाद लौटने की बात कही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से फोन पर विवाद चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम तक विक्रम सामान्य था। कुछ देर बाद परिवार के सदस्य घर से बाहर चले गए। इसी दौरान वह कमरे में गया और पत्नी से वीडियो कॉल पर बातचीत करने लगा। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने आत्महत्या कर ली। पति की हालत देखकर पत्नी घबरा गई और उसने ग्रामीणों को सूचना दी।
दरवाजा तोड़कर युवक को अस्पताल ले गए ग्रामीण
सूचना मिलने के बाद गांव के लोग विक्रम के घर पहुंचे। कमरे का दरवाजा बंद था, जिसे तोड़कर ग्रामीण अंदर पहुंचे। युवक को नीचे उतारकर परिजन उसे पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, फोन में घटना से पहले का एक वीडियो भी मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली से ठीक पहले हुई इस घटना से रंगीला बिगहा गांव में शोक का माहौल है। विक्रम की मौत के बाद पत्नी और एक साल का मासूम बच्चा पीछे रह गए हैं।