शिवराजपुर बीच को मिली नई पहचान, 102 करोड़ से अधिक के पर्यटन प्रोजेक्ट्स का सीएम भूपेंद्र पटेल ने किया लोकार्पण

ब्लू फ्लैग बीच पर पर्यटन और पर्यटक सुविधाओं का विस्तार फेज-1 में 23.43 करोड़ और फेज-2 में 78.85 करोड़ रुपये के कार्य रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

Knews Desk – गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने देवभूमि द्वारका जिले के शिवराजपुर ब्लू फ्लैग बीच पर पर्यटन विभाग की ओर से विकसित की गई पर्यटन-यात्री सुविधाओं का लोकार्पण किया। इन सुविधाओं को अनुमानित 102 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। पर्यटन, पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लू फ्लैग के वैश्विक मानदंडों के अनुरूप शिवराजपुर बीच का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारकाधीश मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद शिवराजपुर बीच पहुंचे। यहां उन्होंने लगभग 23.43 करोड़ रुपये की लागत से फेज-1 के तहत विकसित पर्यटन-यात्री सुविधाओं का लोकार्पण किया। इनमें अराइवल प्लाजा, स्नॉर्कलिंग प्लाजा, साइकिल ट्रैक, प्रोमेनेड, लॉकर रूम, पाथ-वे, साइनेजेस, पेयजल सुविधा, पार्किंग, टॉयलेट ब्लॉक, चेंजिंग रूम, इलेक्ट्रिक वर्क, अंडरग्राउंड टैंक और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं।

फेज-2 में कई नई सुविधाओं का विकास

लगभग 78.85 करोड़ रुपये की लागत से फेज-2 के तहत भी कई पर्यटन सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें इवेंट ग्राउंड, एम्फीथिएटर, फोर्ट रेस्टोरेशन, बोर्डवॉक, लाइफगार्ड टावर, विभिन्न डेक, बीच लाइटिंग, शौचालय, चेंजिंग रूम, शॉवर रूम, कियोस्क और रेस्टोरेंट शामिल हैं।

इसके अलावा कंपाउंड वॉल और फेंसिंग, इरिगेशन वर्क, हॉर्टिकल्चर वर्क और चिल्ड्रन प्ले एरिया समेत पर्यटन से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं को भी विकसित किया गया है।

पर्यटन से रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद

पर्यटन सचिव और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को शिवराजपुर बीच पर विकसित की गई पर्यटनोन्मुखी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गुजरात में टूरिज्म के जरिए सर्विस सेक्टर का महत्व बढ़ने के साथ शिवराजपुर बीच से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से रोजगार मिलेगा और पर्यटन क्षेत्र से पूरी इकोनॉमी साइकिल को गति मिलेगी। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सतत विकास के मंत्र के अनुरूप पर्यटन के माध्यम से राज्य की अर्थव्यवस्था को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सांसद पूनमबेन माडम, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीबेन हाथिया, विधायक मुळुभाई बेरा और पबुभा माणेक, मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, पर्यटन सचिव कुलदीप आर्य, रेंज आईजी निर्लिप्त राय, जिला कलेक्टर राजेश तन्ना, जिला विकास अधिकारी केतन पी. जोशी, पुलिस अधीक्षक जयराजसिंह वाळा, अग्रणी मयूरभाई गढवी, पुनीत शर्मा और सहदेवसिंह माणेक समेत स्थानीय अग्रणी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *