Knews Desk – तृणमूल कांग्रेस के सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल सरकार, पुलिस और डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग में फर्जी एफिडेविट दाखिल किए गए हैं और इन दस्तावेजों पर नोटरी के हस्ताक्षर और स्टांप भी फर्जी हैं। उनका कहना है कि जिन लोगों के नाम पर ये एफिडेविट दाखिल किए गए, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी।
नोटरी के हस्ताक्षर और स्टांप तक नकली होने का दावा
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला पश्चिम बंगाल सरकार और अरूप रॉय तथा ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के इशारे पर किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश में आजादी के बाद कभी ऐसा हुआ है कि सत्ताधारी पार्टी की पुलिस विपक्षी पार्टी के समर्थन में फर्जी एफिडेविट तैयार कर चुनाव आयोग में जमा कराए।
उन्होंने इसे फोर्जरी यानी जालसाजी का मामला बताते हुए अदालत से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की। अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, इस मामले में शामिल लोग केवल मोहरे हैं और उन्हें ऊपर से आदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी बड़े अधिकारी के आदेश पर थाने में ऐसा काम हुआ है तो उस अधिकारी से लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और गृह मंत्री तक की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री एक ही व्यक्ति हैं, इसलिए जिम्मेदारी से बचने की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
करीब 80 प्रतिशत पुलिस थानों में फर्जीवाड़े का आरोप
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि राज्य के करीब 80 प्रतिशत पुलिस थानों में इस तरह का फर्जीवाड़ा किया गया है। उन्होंने कहा कि उनके पास इससे जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं और अभी केवल कुछ वीडियो सामने रखे गए हैं। उनके मुताबिक, आने वाले दिनों में बाकी वीडियो भी सामने लाए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का इस्तेमाल राजनीतिक पार्टियों को तोड़ने के लिए किया जा रहा है। एनसीपी और शिवसेना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह इन पार्टियों को तोड़ा गया, उसी तरह अब तृणमूल कांग्रेस को भी तोड़ने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने और संविधान का मजाक बनाने जैसा बताया।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जिन लोगों के नाम पर फर्जी एफिडेविट दाखिल किए गए, उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि एफिडेविट की कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई, क्योंकि दूसरी तरफ को कॉपी मिलने पर कथित फर्जीवाड़ा सामने आ जाता। उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी और अरूप रॉय समेत सभी संबंधित लोगों के खिलाफ फोर्जरी का मामला दर्ज करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में उन्होंने 21 जुलाई की रैली का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी की कैथेड्रल रोड पर हुई सभा में कम से कम पांच लाख लोग पहुंचे थे, जबकि मेयो रोड पर आयोजित दूसरी सभा में 500 समर्थक भी नहीं थे। उन्होंने चुनौती दी कि अगर लाखों लोगों के समर्थन का दावा किया जा रहा है तो उसका पांच प्रतिशत हिस्सा भी चुनाव कार्यालय में लाकर दिखाया जाए। उन्होंने दिल्ली नहीं तो मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के सामने पांच हजार लोगों को खड़ा करने की बात कही।
अभिषेक बनर्जी ने कलकत्ता हाईकोर्ट में दाखिल पीआईएल का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि हाईकोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अगर नियुक्ति अमान्य थी तो पिछले पांच-छह महीनों में मिले वेतन, भत्ते और सरकारी सुविधाओं का क्या होगा। उन्होंने सरकारी गाड़ी और अन्य सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए।
महिला आरक्षण को 33 नहीं, 50 प्रतिशत करने की मांग
उन्होंने पश्चिम बंगाल में विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष सरकार के खिलाफ मुद्दे उठाने के बजाय उसके साथ खड़े दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई विधायक ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में बोलता है तो शुभेंदु अधिकारी उसे कार्रवाई की धमकी देते हैं।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष विपक्ष को अपने इशारे पर चलाना चाहते हैं, ताकि सरकार के खिलाफ कोई आवाज न उठे। उन्होंने गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाने, एनकाउंटर, महिलाओं का लक्ष्मी भंडार का पैसा रोकने, गरीबों के घर छीनने और किसानों का पैसा रोकने जैसे मुद्दों पर विपक्ष की चुप्पी पर सवाल उठाए।
प्रेस वार्ता के दौरान अभिषेक बनर्जी ने कहा कि फर्जी एफिडेविट के मामले में छोटे कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों और राजनीतिक नेतृत्व तक सभी की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने न्यायिक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।
महिला आरक्षण को लेकर अभिषेक बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस महिला आरक्षण के लिए काम करेगी, चाहे दूसरी पार्टी ऐसा करे या नहीं। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में तृणमूल कांग्रेस से जीतकर लोकसभा पहुंचे सांसदों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को देखा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश की सभी राजनीतिक पार्टियों में सबसे ज्यादा महिला प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस का है और यह प्रतिनिधित्व लोकसभा के अलावा ग्राम सभा, पंचायत समिति और जिला परिषद तक है। उन्होंने 33 फीसदी के बजाय 50 फीसदी महिला आरक्षण की मांग की।