Knews Desk – पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में संचालित मदरसों के साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था में बदलाव किया है। नई गाइडलाइन के मुताबिक अब मदरसों में शुक्रवार को छुट्टी नहीं होगी, बल्कि अन्य शिक्षण संस्थानों की तरह रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। राज्य सरकार ने सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार संचालन करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को होगी पढ़ाई
सरकार की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि किसी भी शिक्षण संस्थान, जिसमें मदरसे भी शामिल हैं, में शुक्रवार को छुट्टी नहीं दी जा सकती। पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक राज्य के मान्यता प्राप्त मदरसों में रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। शुक्रवार को नियमित रूप से शिक्षण कार्य होगा।
जानकारी के मुताबिक राज्य के कई मदरसों में जुमे की नमाज के कारण शुक्रवार को अवकाश रहता था। इसके बदले रविवार को पढ़ाई होती थी। नए आदेश के बाद मदरसों में भी अन्य शिक्षण संस्थानों की तरह रविवार को अवकाश रहेगा और शुक्रवार को कक्षाएं संचालित होंगी। धार्मिक और प्रशासनिक अवकाश के मामलों में नियम के अनुसार अपवाद लागू रहेंगे।
शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार होंगी गतिविधियां
नई व्यवस्था के तहत मान्यता प्राप्त मदरसों को राज्य सरकार के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार कार्य करना होगा। शिक्षण कार्य के साथ अन्य प्रशासनिक गतिविधियां भी इसी कैलेंडर के आधार पर संचालित की जाएंगी।
स्रोत के मुताबिक सितंबर में पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के 22 जिलों में स्थित 252 अनधिकृत मदरसों को बंद करने का आदेश दिया था। इसके पीछे उचित दस्तावेजों का अभाव, अपर्याप्त बुनियादी ढांचा, शिक्षकों और छात्रों की संख्या में कमी तथा धन के स्रोत में अनियमितताओं को कारण बताया गया था।