‘मिलकर आगे बढ़ना ही संगम’ काशी-तमिल संगमम पर बोले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी तमिल संगमम को भारत की सांस्कृतिक एकता और साझा विरासत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि काशी और तमिलनाडु की परंपराएं और संस्कृति एक हैं। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

Knews Desk– काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्ते हैं। आयोजन के जरिए दोनों क्षेत्रों की भाषा, परंपरा, संस्कृति और विरासत को जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगम का मतलब केवल मिलना नहीं, बल्कि मिलकर आगे बढ़ना है।

योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कॉरिडोर बनने के बाद काशी में श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। पिछले चार वर्षों में करीब 26 करोड़ लोग काशी दर्शन के लिए पहुंचे हैं, जिससे लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था और कारोबार को नई रफ्तार मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी तमिल संगमम अब केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता का बड़ा अभियान बन चुका है। तमिल भाषा और संस्कृति सिर्फ तमिलनाडु की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे भारत की संपत्ति है।

इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस तरह तमिलनाडु में के. कामराज थे, उसी तरह उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ हैं। काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक, भाषाई और ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *