रांची में 2 क्विंटल गांजा बरामद, दो गिरफ्तार; ओडिशा से आई खेप से बड़े नेटवर्क का सुराग तलाश रही NCB

Knews Desk – झारखंड की राजधानी रांची में रांची पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो क्विंटल गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की खुले बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह कार्रवाई राज्य सरकार के ‘नशा मुक्त झारखंड’ अभियान के बीच की गई है।

पिकअप वैन से ले जाई जा रही थी खेप
पुलिस के मुताबिक, गांजे की यह खेप ओडिशा नंबर की पिकअप वैन में रखकर ले जाई जा रही थी। NCB से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप वैन को माल समेत जब्त कर लिया। वाहन में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला है कि नशीले पदार्थ की यह खेप ओडिशा से जमशेदपुर लाई गई थी और वहां से इसे रांची लाया गया। तमाड़ थाना पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए लोगों में वाहन का ड्राइवर और क्लीनर शामिल हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, अभी तक इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद गांजे की मात्रा काफी बड़ी है। इसी आधार पर राज्य में किसी बड़े तस्करी सिंडिकेट के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और NCB की टीम अब इस नेटवर्क की जड़ें खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद खेप की अंतिम मंजिल क्या थी।

पुलिस के अनुसार, मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जांच एजेंसियां तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने के साथ-साथ गांजे की सप्लाई और उसके अंतिम डेस्टिनेशन की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *