बीजेपी नेता ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर किया पलटवार कहा- 2024 का चुनाव फर्जी था तो राहुल और प्रियंका इस्तीफा क्यों नहीं देते कांग्रेस सरकारों के दौरान हुए परिसीमन का भी रविशंकर प्रसाद ने दिया हवाला
Knews Desk – भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। परिसीमन विधेयक को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आवाज देने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह विधेयक पारित होगा।
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी की टिप्पणी को हताश और अराजक नेता की टिप्पणी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जीतने के बाद किसी और को आगे बढ़ने नहीं देना चाहते। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप भी लगाया।
पलटवार कहा- 2024 का चुनाव फर्जी था
बीजेपी नेता ने राहुल गांधी के 2024 के चुनाव को लेकर दिए गए बयानों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी मानते हैं कि 2024 का चुनाव फर्जी था तो वह इस्तीफा क्यों नहीं देते। उन्होंने प्रियंका गांधी के इस्तीफे को लेकर भी सवाल उठाया।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 2024 में राहुल गांधी चुनाव जीतकर आए और उस समय ज्ञानेश कुमार चुनाव आयोग में नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति या सुप्रीम कोर्ट के सामने वोट चोरी से जुड़े कोई सबूत नहीं दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को दो महीने से ज्यादा समय हो चुका है।
परिसीमन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान तीन-तीन बार परिसीमन हुआ था। उन्होंने सवाल किया कि क्या उस समय तानाशाही हुई थी। उन्होंने कहा कि तानाशाही तब हुई थी, जब इंदिरा गांधी चुनाव हारी थीं।
रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर तीखा हमला जारी रखते हुए कहा कि उन्हें झूठ बोलने में महारत हासिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अपना होमवर्क नहीं करते हैं और कहा कि उन्हें झूठ बोलने में पीएचडी हासिल है।