दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों को किया गया सम्मानित, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के कृषि नवाचारों को सामने रखा गया
Knews Desk – कृषि क्षेत्र में इनोवेशन, महिला किसानों के योगदान और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को दिल्ली में किसान ऑफ इंडिया सम्मान 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले सात किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों में किए जा रहे कृषि नवाचारों और सफल प्रयोगों को सामने रखा गया।
बिहार में चाय की खेती को बढ़ावा देने वाले राज करण दफ्तरी को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयासों से बिहार में करीब 25 हजार एकड़ में चाय की खेती हो रही है, जिससे 8,500 से अधिक किसानों को लाभ मिला है और करीब 25 हजार लोगों को रोजगार मिला है। वहीं, राजस्थान की मधु बाला महाजन को 20 एकड़ में आधुनिक पॉलीहाउस के जरिए उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती और करीब 200 महिलाओं को रोजगार देने के लिए सम्मान मिला।
अन्य सम्मानित किसानों में जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लिए हर्ष सिंह डांगवाल, नई तकनीक के लिए कृष्णपाल सिंह लोधी, डेयरी फार्मिंग के लिए जगदीप सिंह संधू, मत्स्य पालन के लिए वंदना चुरेंद्र और खाद्य प्रसंस्करण के लिए अनीता कुमारी कुशवाहा शामिल हैं।
बिहार की राजकुमारी देवी, जिन्हें किसान चाची के नाम से जाना जाता है, को महिला किसानों को संगठित करने और ग्रामीण उद्यमिता के लिए वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला किसान का पुरस्कार दिया गया। वहीं, मध्य प्रदेश की माही पवार को एग्री-इन्फ्लुएंसर ऑफ द ईयर और बस्तर की रजिया शेख को युवा कृषि उद्यमी के सम्मान से नवाजा गया। रजिया शेख बस्तर फूड्स के जरिए महुआ आधारित उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और आदिवासी महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने का काम कर रही हैं।
इसके अलावा क्यूक्यूएम यानी उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन युक्त मक्का विकसित करने वाले वैज्ञानिक डॉ. सुरिंदर कुमार वासल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। हरित क्रांति के जनक डॉ. एमएस स्वामीनाथन की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए एमएस स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन को ग्रीन रिवोल्यूशन लेगेसी अवॉर्ड दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और इंडिया चैंबर ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर के अध्यक्ष सुरेश प्रभु ने अपने वीडियो संदेश के माध्यम से महिला किसानों के योगदान को पहचानने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में खाद्य और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के लिए महिला किसानों को पहचानना, प्रोत्साहित करना और उनका सहयोग करना जरूरी है।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरएस परोदा ने भी महिला किसानों को सशक्त बनाने और अगली पीढ़ी को खेती से जोड़ने की जरूरत बताई। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के तहत किया गया।