कोलकाता के दक्षिण 24 परगना स्थित फरताबाद इलाके में काली पूजा के दौरान 25 वर्षीय युवक सार्थक सरकार की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में उसकी कथित लिव-इन पार्टनर संचलिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच विवाद के बाद युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया था।
Knews Desk – पुलिस के मुताबिक, सार्थक सरकार और संचलिका बसु फरताबाद इलाके में एक किराये के फ्लैट में साथ रहते थे। दोनों के लिव-इन रिलेशनशिप में होने की बात सामने आई है। शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ था।
पुलिस के अनुसार, कहासुनी बढ़ने के बाद आरोप है कि संचलिका ने धारदार हथियार से सार्थक के कंधे पर वार कर दिया। इसके बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
खून से लथपथ मिला युवक
फ्लैट से झगड़े और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां सार्थक को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा गया। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने संचलिका बसु के साथ उसकी मां मौमिता बसु को भी गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या की वारदात में मां की भूमिका की भी आशंका है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सार्थक और संचलिका के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और वारदात के समय फ्लैट में मौजूद लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
काली पूजा के दौरान हुई इस वारदात से फरताबाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।