UP Sainik School Admission 2027: कक्षा 6वीं और 9वीं में एडमिशन के लिए 25 अक्टूबर तक करें आवेदन

Knews – उत्तर प्रदेश के सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6वीं और 9वीं में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यूपी सैनिक स्कूल सोसाइटी की ओर से इच्छुक और पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बिना लेट फीस के 25 अक्टूबर 2026 को शाम 5 बजे तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है, जबकि 2,000 रुपये लेट फीस के साथ 31 अक्टूबर तक आवेदन करने का मौका मिलेगा।

लखनऊ स्थित कैप्टन मनोज कुमार पांडेय यूपी सैनिक स्कूल और गोरखपुर स्थित सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आधिकारिक वेबसाइट upsainikschool.org पर किया जा सकता है। सेना से जुड़े परिवारों के साथ सामान्य नागरिकों के बच्चे भी निर्धारित योग्यता पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं। दोनों स्कूलों में लड़कियों के प्रवेश से संबंधित नियम अलग हैं।

कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए बच्चे का जन्म 2 जुलाई 2015 से 1 जनवरी 2018 के बीच होना चाहिए। वहीं, कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए जन्मतिथि 2 जुलाई 2012 से 1 जनवरी 2015 के बीच निर्धारित की गई है। कक्षा 6वीं के लिए विद्यार्थी का पांचवीं और कक्षा 9वीं के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। पांचवीं और आठवीं में पढ़ रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, विद्यार्थी का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है।

प्रवेश के लिए संभावित रूप से 20 दिसंबर 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी परीक्षा की मेरिट के आधार पर उपलब्ध सीटों पर विद्यार्थियों को एडमिशन दिया जाएगा। इच्छुक अभिभावकों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर पात्रता, आयु सीमा और अन्य निर्देशों की जांच कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *