हत्या को हार्ट अटैक दिखाने की साजिश! बहू ने पुराने नौकर को दी 6 लाख की सुपारी, ऐसे हुआ कारोबारी का कत्ल

Knews Desk – कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की बहू शालू को गिरफ्तार किया है। जांच में कथित तौर पर हत्या की साजिश, छह लाख रुपये की सुपारी और परिवार के भीतर पैसों को लेकर चल रहे विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हत्या को सामान्य मौत यानी हार्ट अटैक का रूप देने की योजना बनाई गई थी।

मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट का है। विनीत मिनोचा का शव उनके फ्लैट के अंदर मिला था। घटना के समय उनका बेटा, बहू और पोता घर से बाहर गए हुए थे। परिवार के लौटने पर विनीत मृत मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने जांच के दौरान अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध फ्लैट में प्रवेश करते दिखाई दिए। इनमें से एक की पहचान विनीत के पुराने कर्मचारी विशाल के तौर पर हुई। बताया जा रहा है कि विशाल करीब छह साल पहले विनीत के यहां काम करता था, लेकिन चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

जांच में पुलिस को पता चला कि नौकरी छोड़ने के बाद भी विशाल का परिवार से संपर्क बना हुआ था। उसके पास फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी होने की बात भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, विशाल अपने साथी के साथ फ्लैट में दाखिल हुआ और दोनों काफी देर तक अंदर रहकर विनीत के लौटने का इंतजार करते रहे।

पुलिस का दावा है कि विनीत के फ्लैट में पहुंचने के बाद आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला लूट से जुड़ा हुआ माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक पारिवारिक विवाद और पैसों के लेनदेन की ओर गया।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के लिए छह लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। इसमें दो लाख रुपये एडवांस दिए जाने और बाकी चार लाख रुपये वारदात के बाद देने की बात सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या को इस तरह अंजाम देने की योजना थी कि मौत प्राकृतिक लगे।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती प्लान विनीत को सोते समय तकिए से दबाकर मारने और उनकी मौत को हार्ट अटैक के तौर पर दिखाने का था। हालांकि, जिस रात वारदात हुई, विनीत बच्चों के कमरे की ओर चले गए। वहां कथित तौर पर विशाल और उसका साथी मौजूद थे। इसके बाद परिस्थितियां बदल गईं और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।

वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने विशाल और उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अब मृतक की बहू शालू को भी गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस हत्या की साजिश से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बरामद साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *