Bigg Boss 20: शुरू होते ही ‘फ्लॉप’ बताया सलमान का शो, आसिम रियाज के पोस्ट से मचा बवाल

KNEWS DESK – सलमान खान के रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ को शुरू हुए अभी 48 घंटे भी नहीं बीते हैं, लेकिन शो को लेकर विवादित बयानबाजी शुरू हो गई है। इस बार चर्चा घर के अंदर के कंटेस्टेंट्स की नहीं, बल्कि बाहर बैठे ‘बिग बॉस 13’ के रनर-अप आसिम रियाज की वजह से हो रही है। शो के नए सीजन की शुरुआत होते ही आसिम ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर दी।

आसिम रियाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ‘बिग बॉस 20’ को शुरू होते ही ‘फ्लॉप सीजन’ बता दिया। उन्होंने लिखा, “एक और फ्लॉप सीजन लोडिंग.” हालांकि, पोस्ट करने के कुछ ही समय बाद आसिम ने इसे डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक इसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था।

आसिम के पोस्ट पर भड़के यूजर्स

आसिम रियाज के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल किया। कई यूजर्स ने आरोप लगाया कि नया सीजन शुरू होते ही शो पर तंज कसना उनका पुराना पैटर्न है। लोगों ने यह भी कहा कि शो को शुरू हुए 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे और आसिम ने इसे फ्लॉप घोषित कर दिया।

https://www.instagram.com/p/DcAwhbOIq6N/?

एक यूजर ने लिखा, “भाई, शो को 24 घंटे भी नहीं हुए और तुमने फैसला सुना दिया? कम से कम सलमान खान का तो लिहाज कर लेते, जिन्होंने तुम्हें इस मुकाम पर पहुंचाया.”

वहीं, कुछ यूजर्स ने आसिम को उनके ‘बिग बॉस 13’ वाले दौर से आगे बढ़ने की सलाह भी दी। एक यूजर ने कहा कि 2019 के टेलीविजन दौर की तुलना 2026 के डिजिटल युग से करना सही नहीं है।

आसिम ने भले ही अपना पोस्ट कुछ ही मिनटों में डिलीट कर दिया, लेकिन इंटरनेट पर शेयर किए गए स्क्रीनशॉट की वजह से मामला शांत नहीं हुआ। पोस्ट डिलीट होने के बाद भी लोग लगातार इसे लेकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अब आसिम के इस बयान पर ‘बिग बॉस’ से जुड़े फैंस की बहस सोशल मीडिया पर तेज हो गई है।

बिग बॉस 20 में शामिल हैं ये सितारे

‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर को हुआ। इस सीजन में मैरी कॉम, कनिका मान, माही विज, आम्रपाली दुबे, आसिफ खान, ईशा रिखी, काजी तौकीर, कुशाल तंवर, अरिश्फा खान, अमन गांधी, उदिति सिंह, लव गिल, यंग डी.एस.ए, ई-गेमर स्काउट और रोहेद खान समेत कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं।

शो का प्रसारण रोजाना रात 10:30 बजे टीवी पर किया जा रहा है, जबकि इसे रात 9 बजे जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जा रहा है। शुरुआती दिनों में ही शो को लेकर विवाद और सोशल मीडिया चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *