ट्विशा शर्मा केस में बड़ा एक्शन, CBI ने सास गिरिबाला सिंह को किया गिरफ्तार

Knews Desk- भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने ट्विशा शर्मा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के कुछ घंटों बाद की गई।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह CBI की टीम भोपाल स्थित गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और कई घंटों तक पूछताछ की। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि CBI ने उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की थी।

ट्विशा शर्मा की मौत का मामला पिछले कई दिनों से सुर्खियों में है। CBI ने अदालत में दावा किया था कि गिरिबाला सिंह से हिरासत में पूछताछ बेहद जरूरी है। एजेंसी ने उन पर सबूतों से छेड़छाड़, दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान मिले थे और मेडिकल रिपोर्ट में यह साफ हुआ कि ये चोटें मौत से पहले की थीं।

CBI ने अदालत को यह भी बताया कि जांच में मिले व्हाट्सएप चैट्स से मानसिक प्रताड़ना के संकेत मिले हैं। एजेंसी का आरोप है कि ट्विशा पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कर दी। ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई को भोपाल स्थित ससुराल में हुई थी। इसके बाद परिवार ने दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने जांच CBI को सौंप दी थी। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *