ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर दयानतपुर गांव के पास एक चलती डबल डेकर स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।
Knews Desk– ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। नोएडा से करीब 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर AC बस अचानक आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने और दम घुटने से मौत हो गई। आग लगने के बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जाने वाले मार्ग पर दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस सामान्य गति से अपने गंतव्य की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में धुएं के साथ बस से तेज लपटें उठने लगीं।
आग का पता चलते ही चालक ने तुरंत बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों ने बाहर निकलने की कोशिश शुरू कर दी। कई यात्री किसी तरह बस से बाहर निकल आए, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। बस के अंदर देखते ही देखते घना काला धुआं भर गया। इस वजह से यात्रियों को सांस लेने और बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई।
हादसे में सुरक्षित बचे एक यात्री ने बताया कि वह घटना के समय बस में सो रहा था। अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद उसकी आंख खुली। उसने देखा कि चारों तरफ धुआं ही धुआं था और बस में अफरा-तफरी मची हुई थी। यात्री के मुताबिक, हालात इतने भयावह थे कि उसने अपना सामान और यहां तक कि जूते भी नहीं उठाए और सिर्फ अपना फोन लेकर बस से बाहर निकल आया।

प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने बताया कि बस के अंदर धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। कई लोग बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रहे थे। पीछे की तरफ मौजूद कुछ यात्री आग और धुएं के बीच फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। इसी दौरान दम घुटने और आग की चपेट में आने से कई लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। झुलसे और घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस ने आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस और संबंधित विभाग यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि बस में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे या नहीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।