पटना में ताबड़तोड़ फायरिंग, जन सुराज नेता और पूर्व पार्षद अनिल यादव की हत्या

पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने वार्ड नंबर-24 की पार्षद ज्ञानवती देवी के पति और पूर्व पार्षद अनिल कुमार यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में अनिल यादव को करीब 5 गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अनिल यादव जन सुराज पार्टी से जुड़े हुए थे।

Knews Desk– बुधवार को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने अनिल यादव को निशाना बनाकर कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से 8 खोखे बरामद किए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि पूर्व पार्षद अनिल यादव को 5 गोलियां लगी थीं। गोली लगने के बाद उनकी हालत गंभीर थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल से 8 खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

अनिल यादव की मौत की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक नेताओं का अस्पताल पहुंचना भी शुरू हुआ। बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। दोनों नेताओं ने अनिल यादव के परिजनों से भी मुलाकात की।

अनिल यादव वार्ड नंबर-24 के पूर्व पार्षद थे और जन सुराज पार्टी से जुड़े हुए थे। पुलिस अब हमलावरों की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *