कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में गंगा के 84 घाट दीपों की रोशनी से नहा उठे। 51 घाटों पर एक साथ हुई गंगा महाआरती, लेजर शो और ड्रोन शो ने आयोजन की भव्यता बढ़ा दी।
Knews Desk – धर्म और आस्था की नगरी काशी में देव दीपावली का भव्य आयोजन हुआ। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा के 84 घाटों पर कुल 21 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। गंगा के दोनों किनारों पर दीपों की रोशनी ने ऐसा अद्भुत दृश्य बनाया कि श्रद्धालु और पर्यटक इसे कैमरों में कैद करते नजर आए।
शाम 5:15 बजे नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली का शुभारंभ किया। इसके बाद शाम 6 बजे तक सभी 84 घाट दीपों से रोशन हो गए। परंपरा के अनुसार सबसे पहले पंचगंगा घाट पर बने हजारा को प्रज्वलित किया गया और फिर अन्य घाटों पर दीप जलाने का सिलसिला शुरू हुआ।
सरकार ने जलाए 11 लाख, लोगों ने प्रज्वलित किए 10 लाख दीप
इस बार देव दीपावली पर 11 लाख दीप उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जलाए गए, जबकि 10 लाख दीप काशी की विभिन्न संस्थाओं और आम लोगों के सहयोग से प्रज्वलित किए गए। आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक दीपों की कतारों ने गंगा किनारे अद्भुत छटा बिखेरी।
दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए 200 से अधिक समितियों ने 84 घाटों पर दीप प्रज्वलन की जिम्मेदारी संभाली। घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ रही। हर तरफ हर-हर महादेव के जयकारे और गंगा आरती के मंत्र गूंजते रहे।
देव दीपावली के मौके पर 51 घाटों पर एक साथ गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। शाम 6 बजे से 7 बजे तक हुई इस आरती में नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट और अस्सी घाट समेत प्रमुख घाट शामिल रहे।
एक साथ जलते दीपों और आरती के दौरान गूंजते मंत्रों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
लेजर और ड्रोन शो ने बढ़ाई भव्यता
देव दीपावली के दौरान चेत सिंह किले पर शाम 7:20 से 7:45 बजे और रात 8 से 8:30 बजे तक 3D प्रोजेक्शन और लेजर शो आयोजित किया गया। इसके जरिए काशी की संस्कृति और धार्मिक विरासत को आकर्षक तरीके से दिखाया गया।
रात 8 बजे से 8:10 बजे तक ड्रोन शो हुआ। इसके बाद रात 8:30 से 8:45 बजे तक ललिता घाट के सामने आतिशबाजी की गई। आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और गंगा किनारे जगमगाते दीपों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
देव दीपावली-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के लिए GPS आधारित ‘वाराणसी 84 घाट ऑडियो बुक-ऑडियो टूर’ की शुरुआत की। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इसका शुभारंभ किया।
इस सुविधा के जरिए पर्यटक काशी के 84 घाटों का इतिहास, धार्मिक महत्व और उनसे जुड़ी पौराणिक कथाएं सुन सकेंगे। GPS तकनीक की मदद से घाटों के आसपास पहुंचने पर उनसे जुड़ी जानकारी प्राप्त करना आसान होगा।