उत्तराखंड डेस्क रिपोर्ट, उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। चुनाव में अभी वक्त जरूर बाकी है लेकिन सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने के लिए राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। प्रदेश की राजनीति के केंद्र में रहने वाले भाजपा और कांग्रेस दोनों ही संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के बीच अपनी पकड़ बनाने की कोशिश में जुट गये हैं। एक तरफ भाजपा ने दो दिनों तक चली प्रदेश कार्यकारिणी समिति की बैठक के जरिए चुनावी रोडमैप तैयार किया। बैठक में 65 पार का लक्ष्य निर्धारित करने के साथ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। वहीं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड पहुंचकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी चुनावी तैयारियों में पीछे नहीं रहना चाहती। छह दिवसीय दौरे के अंतिम दिन प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। संगठन को सक्रिय करने, प्रदेशव्यापी जनसंवाद और जन जागरण अभियान चलाने के साथ बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। साफ तौर पर कहे तो भाजपा जहां अपनी उपलब्धियों और संगठनात्मक ताकत के सहारे तीसरी बार सत्ता हासिल करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है, वहीं कांग्रेस सरकार की नाकामियों को मुद्दा बनाकर सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। ऐसे में सवाल यह है कि किसकी रण नीति कितनी कारगर साबित होगी यह तो आने वाला समय ही बतायेगा। लेकिन चुनावी तैयारियों के बीच दोनों दलों के नेताओं के दावे और एक दूसरे पर सियासी हमले अभी से तेज होने लगे हैं।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता में बने रहने और सत्ता में वापसी की लड़ाई के लिए उत्तराखंड के सियासी मैदान में राजनीतिक दलों ने अपनी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। राजनीतिक दलों के बीच अब केवल सरकार के कामकाज को लेकर ही नहीं, बल्कि चुनावी दावों और रणनीतियों को लेकर भी टकराव देखने को मिल रहा है। भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है, वहीं विपक्ष सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करने में जुटा है। भाजपा की हालिया दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ने पार्टी के चुनावी अभियान को नई गति दी है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में संगठन को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का संदेश दिया गया। पार्टी ने 65 पार का लक्ष्य सामने रखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने की तैयारी करने को कहा गया है। उधर कांग्रेस भी अपनी रणनीति को जमीन पर उतारने में जुटी है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का छह दिवसीय प्रदेश दौरा इसी दिशा में एक अहम कदम रहा। जनता और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी का दावा किया और सत्ता परिवर्तन की उम्मीद जताई। लेकिन चुनावी तैयारियों के साथ ही दोनों दलों के बीच आरोपों का दौर भी शुरू हो चुका है। कांग्रेस ने भाजपा के 65 पार के नारे को 65 प्रतिशत कमीशन से जोड़कर भ्रष्टाचार पर निशाना साधा, तो भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को झूठा और जनता को भ्रमित करने वाला करार दिया। जिसके चलते मुद्दों नारों के साथ सियासी आरोपों की जंग भी तेज हो गई है।
कुलमिलाकर, उत्तराखंड की सियासत में चुनावी बिसात बिछनी शुरु हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी अपनी रणनीतियों के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं। भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ अपने संगठन और सरकार की उपलब्धियों को चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति तैयार कर रही है। हालांकि चुनावी समीकरण केवल बैठकों, बड़े नेताओं के दौरों और नारों से तय नहीं होंगे, बल्कि जनता के बीच उठ रहे सवाल, स्थानीय मुद्दे, बेरोजगारी, पलायन और विकास जैसे विषय भी अहम भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही दोनों दलों के लिए आपसी गुटबाजी, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और उम्मीदवारों के चयन जैसी चुनौतियां भी कम नहीं होंगी। ऐसे में आने वाले महीनों में राजनीतिक गतिविधियां किस दिशा में आगे बढ़ती हैं और कौन सा दल जनता के मुद्दों को किस तरह अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करता है, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन इस चुनावी माहौल के चलते राजनितिक सर्गर्मिया व बयानबाज़ी अभी से कायम है।