रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण: पार्ट 1’ ने नेपाल बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म ने तीसरे वीकेंड तक 26.90 करोड़ नेपाली रुपये का कलेक्शन कर ‘पुष्पा 2’ को पीछे छोड़ दिया है।
Knews Desk – नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण: पार्ट 1’ ने नेपाल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने तीसरे वीकेंड तक नेपाल में 26.90 करोड़ नेपाली रुपये यानी करीब 16.81 करोड़ भारतीय रुपये का कारोबार किया है।
इससे पहले नेपाल में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ के नाम था, जिसने 26.46 करोड़ नेपाली रुपये कमाए थे। ‘रामायण’ ने अब इस आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है।
टॉप-5 में ‘रामायण’ का दबदबा
नेपाल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में ‘रामायण: पार्ट 1’ पहले नंबर पर पहुंच गई है। इसके बाद ‘पुष्पा 2’ 26.46 करोड़ नेपाली रुपये, ‘बाहुबली 2’ 23 करोड़, ‘केजीएफ चैप्टर 2’ 19.80 करोड़ और ‘आरआरआर’ 17.12 करोड़ नेपाली रुपये के साथ क्रमशः अगले स्थानों पर हैं।
नेपाल में ‘रामायण’ की कहानी से जुड़ाव भी फिल्म की लोकप्रियता की एक अहम वजह माना जा रहा है। रामायण की कथा के अनुसार, माता सीता का जन्म जनकपुर में हुआ था। नेपाल स्थित जनकपुर को प्राचीन मिथिला नगरी से जोड़ा जाता है, जहां राजा जनक का शासन बताया गया है। जनकपुर में स्थित प्रसिद्ध जानकी मंदिर आज भी प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है।
भारत में भी जारी है फिल्म की शानदार कमाई
‘रामायण’ ने नेपाल के साथ भारत और अन्य देशों में भी मजबूत प्रदर्शन किया है। फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर नेट 955.45 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें हिंदी से 725 करोड़, कन्नड़ से 76.15 करोड़, तेलुगू से 56.90 करोड़, मलयालम से 49.95 करोड़ और तमिल से 47.45 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,709.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, इसमें 18वें और 19वें दिन का ओवरसीज कलेक्शन शामिल नहीं है।