2027 यूपी चुनाव: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर मंथन, 26 से 100+ सीटों तक अटका पेंच

Knews Desk – साढ़े तीन घंटे चली बैठक में सीट-दर-सीट हुई चर्चा, कांग्रेस 181 सीटों की मांग पर कायम। अंतिम फैसला अखिलेश यादव और राहुल गांधी की बातचीत से होने की संभावना।

सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव से शुरू हुआ विवाद

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। मंगलवार को दोनों दलों की कमेटियों के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक चली। बैठक से पहले सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई, जबकि कांग्रेस ने यूपी में 181 सीटों की मांग की है।

सपा महासचिव रामगोपाल यादव की ओर से 26 सीटों के ऑफर की बात सामने आने के बाद कांग्रेस में नाराजगी दिखी। बताया गया कि सपा के प्रस्ताव में कांग्रेस की जीती हुई दो सीटें, चार ऐसी सीटें जहां कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी और 20 अन्य सीटें शामिल हैं, जहां पिछले चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को करीब 2 हजार वोट मिले थे।

साढ़े तीन घंटे चली बैठक, सीट-दर-सीट चर्चा

बैठक में सपा की पांच सदस्यीय कमेटी के साथ दो डेटा एक्सपर्ट भी मौजूद रहे। दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट-दर-सीट चर्चा हुई। सपा की कमेटी में अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद को भी शामिल किया गया है।

बैठक के बाद अवधेश प्रसाद ने कहा कि पहले की बातों को छोड़कर नए सिरे से सीट-दर-सीट चर्चा हुई और माहौल अच्छा व सार्थक रहा। उन्होंने कहा कि अगली बैठक जल्द होगी, जिसके बाद ज्यादा जानकारी दी जा सकेगी।

कांग्रेस ने कहा- सम्मानजनक समझौते की उम्मीद

कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि 403 में से करीब आधी यानी लगभग 200 सीटों पर सीट-दर-सीट चर्चा पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि सम्मानजनक समझौता होगा और सीटों की संख्या 403 की 25 फीसदी से कुछ कम या ज्यादा हो सकती है।

वीरेंद्र चौधरी ने रामगोपाल यादव के 26 सीटों वाले बयान पर कहा कि उन्होंने बयान नहीं सुना है, लेकिन अगर ऐसा बयान दिया गया है तो नहीं देना चाहिए था।

70-80 सीटों से आगे जाने को सपा तैयार नहीं, कांग्रेस की मांग 100 से कम नहीं

सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों की स्थिति फिलहाल अलग-अलग नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक सपा कांग्रेस को 70 से 80 सीटों से ज्यादा देने के पक्ष में नहीं है, जबकि कांग्रेस 100 से कम सीटों पर राजी नहीं है। ऐसे में गठबंधन का अंतिम सीट फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है।

दोनों दलों की कमेटियां बातचीत कर रही हैं, लेकिन अंतिम फैसला सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेना है। सूत्रों के मुताबिक नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक सीट बंटवारे की कवायद पूरी हो सकती है। इसके बाद 10 दिसंबर को चुनाव प्रचार का शंखनाद किए जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *