KNEWS DESK – दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस ने शुक्रवार (4 सितंबर) को विंडहोक में नामीबिया के खिलाफ खेले गए ट्राई सीरीज के मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। प्रिटोरियस ने महज 53 गेंदों में 101 रनों की तूफानी पारी खेली और दक्षिण अफ्रीका को 11 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
53 गेंदों में ठोका शतक
प्रिटोरियस ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 8 छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 190.57 रहा। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रिटोरियस का पहला शतक था, लेकिन इस शतक ने उन्हें रिकॉर्ड बुक में भी खास जगह दिला दी।
सिर्फ 20 साल और 161 दिन की उम्र में शतक लगाने वाले प्रिटोरियस फुल मेंबर टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल सेंचुरी जड़ने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई का रिकॉर्ड तोड़ा। जजई ने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ 20 साल और 337 दिन की उम्र में टी20 इंटरनेशनल शतक लगाया था।
वैभव सूर्यवंशी से क्यों हो रही तुलना?
प्रिटोरियस की इस धमाकेदार पारी के बाद उनकी तुलना भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से भी होने लगी है। इसकी सबसे बड़ी वजह दोनों का राजस्थान रॉयल्स (RR) से जुड़ा होना है।
वैभव ने महज 15 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर हैं। इसके अलावा वह टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज भी हैं।
वैभव अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में शतक के बेहद करीब भी पहुंच चुके हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने महज 49 गेंदों में 81 रनों की तूफानी पारी खेली थी, हालांकि वह शतक पूरा नहीं कर पाए।
अब आगामी अफगानिस्तान टी20 सीरीज और एशियन गेम्स में वैभव के पास अपनी प्रतिभा दिखाने के बड़े मौके होंगे।
दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 228 रन
मुकाबले में नामीबिया ने टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
प्रिटोरियस ने कॉनर एस्टरहुइजन के साथ पहले विकेट के लिए 156 रनों की शानदार साझेदारी की। एस्टरहुइजन ने भी 88 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।
नामीबिया ने भी दिया कड़ा जवाब
229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम ने भी मुकाबले को रोमांचक बना दिया। जान फ्राइलिंक ने 72 और लॉरेन स्टीनकैंप ने 61 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
हालांकि, लक्ष्य बड़ा होने के कारण नामीबिया की टीम 20 ओवर में 217 रन ही बना सकी और दक्षिण अफ्रीका ने मुकाबला 11 रन से अपने नाम कर लिया।
ट्राई सीरीज का फाइनल रविवार को दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। प्रिटोरियस की शानदार फॉर्म ने फाइनल से पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा दिया है।