KNEWS DESK- नवंबर के आखिरी दिनों में बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा क्लैश देखने को मिल रहा है। इमरान हाशमी की फिल्म गनमास्टर G9 और आयुष्मान खुराना की ये प्रेम मोल लिया सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी हैं। दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह नजर आ रहा है और एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी इस मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं। अब देखना होगा कि ओपनिंग डे पर कौन सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़त हासिल करती है।
गनमास्टर G9 की एडवांस बुकिंग
इमरान हाशमी की गनमास्टर G9 ने एडवांस बुकिंग में अच्छी शुरुआत की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने बिना ब्लॉक सीट्स के करीब 1.28 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं ब्लॉक सीट्स को शामिल करने के बाद इसका आंकड़ा करीब 2.32 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म के ट्रेलर को भी दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। ऐसे में इमरान हाशमी के फैंस से फिल्म को फायदा मिलने की उम्मीद है।
ये प्रेम मोल लिया ने भी दी कड़ी टक्कर
आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ स्टारर ये प्रेम मोल लिया भी एडवांस बुकिंग में पीछे नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने बिना ब्लॉक सीट्स के करीब 1.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। वहीं ब्लॉक सीट्स के साथ इसकी एडवांस बुकिंग करीब 2.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आंकड़ों से साफ है कि दोनों फिल्मों के बीच मुकाबला काफी करीबी है।
ओपनिंग डे पर किसका पलड़ा भारी?
अनुमानों के मुताबिक, गनमास्टर G9 पहले दिन 6 से 8 करोड़ रुपये तक का कलेक्शन कर सकती है। वहीं ये प्रेम मोल लिया के 5 से 7 करोड़ रुपये तक कमाने की उम्मीद है। यानी शुरुआती मुकाबले में इमरान हाशमी की फिल्म को मामूली बढ़त मिल सकती है। हालांकि असली तस्वीर दर्शकों के रिव्यू और वर्ड ऑफ माउथ के बाद ही साफ होगी। दोनों फिल्मों के सामने रामायण जैसी बड़ी फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर मौजूद है, इसलिए मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।