KNEWS DESK- शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करते हुए उन्हें सक्षम नेता बताया है। राउत ने कहा कि योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व का ऐसा चेहरा हैं, जो बाकी सभी से ऊपर है। उन्होंने कहा, “अगर योगी हैं, तो यूपी है। अगर योगी नहीं, तो यूपी भी नहीं।”
राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किया है, तो यह तारीफ के काबिल है। उन्होंने कहा कि योगी एक सक्षम व्यक्ति हैं और उनकी पार्टी भी उन्हें पसंद करती है। राउत के इस बयान के राजनीतिक मायने इसलिए भी निकाले जा रहे हैं, क्योंकि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चा तेज है।
यह बहस तब शुरू हुई जब केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे। इसके जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि सभी को पता है कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन है।
वहीं, मौर्य ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी का चेहरा ‘कमल’ होगा। उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम के बाद चुने गए विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में बैठक कर अपना नेता चुनेंगे। मौर्य ने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बने रहने या किसी और के इस पद पर आने का फैसला विधायक ही करेंगे।