815 लोकसभा सीटों का रास्ता साफ होगा? परिसीमन बिल पर आज कैबिनेट की अहम बैठक

KNEWS DESK- संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलाव के प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिल सकती है।

बताया जा रहा है कि सरकार परिसीमन बिल में दो बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। पहला प्रस्ताव लोकसभा की सीटों की संख्या में करीब 50 फीसदी बढ़ोतरी का है। मौजूदा समय में लोकसभा की 543 सीटें हैं। 50 फीसदी बढ़ोतरी होने पर यह संख्या करीब 815 तक पहुंच सकती है। इसके तहत राज्यों की सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा जा सकता है।

दूसरा बड़ा प्रस्ताव परिसीमन को जनगणना से अलग करने का है। इसके साथ परिसीमन को 25 साल तक के लिए रोकने यानी फ्रिज करने का विकल्प भी सामने आया है। इसका उद्देश्य कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों, खासकर दक्षिणी राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी घटने की आशंका को दूर करना बताया जा रहा है।

इसी साल अप्रैल में सरकार ने संसद में इससे जुड़ा विधेयक पेश किया था, जिसमें जनगणना के आधार और लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान शामिल था।

वहीं, कांग्रेस समेत विपक्षी दल सरकार के प्रस्तावों पर सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि विशेष सत्र का वास्तविक उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है। उन्होंने महिला आरक्षण कानून को पहले ही पारित बताया और सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *