KNEWS DESK- बॉलीवुड अभिनेता Ranveer Singh इन दिनों बड़ी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। फिल्म डॉन 3 छोड़ने के फैसले के बाद अब उनके खिलाफ FWICE यानी फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई ने बड़ा कदम उठाया है। फेडरेशन ने रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी किया है, जिसके बाद इंडस्ट्री में इस मामले की खूब चर्चा हो रही है।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले ही अचानक प्रोजेक्ट छोड़ दिया था। इससे फिल्म के मेकर्स को भारी नुकसान झेलना पड़ा। इसी विवाद के बाद FWICE ने मामले को गंभीर मानते हुए मीटिंग की और फिर ये फैसला लिया। फेडरेशन के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने भी कहा था कि कई कलाकार शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फिल्म छोड़ देते हैं, जिससे पूरी यूनिट और मेकर्स को परेशानी उठानी पड़ती है।
फिल्म डॉन 3 पहले से ही कई कारणों की वजह से लगातार टलती रही है। पहले Kiara Advani ने प्रेग्नेंसी के चलते फिल्म छोड़ी, फिर खबर आई कि Vikrant Massey भी इस प्रोजेक्ट से अलग हो गए। लेकिन मामला उस वक्त ज्यादा बढ़ गया जब रणवीर सिंह ने भी फिल्म से दूरी बना ली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Farhan Akhtar और Ritesh Sidhwani ने दावा किया कि रणवीर ने शूटिंग शुरू होने से करीब 10 दिन पहले फिल्म छोड़ी, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ। वहीं रणवीर का कहना था कि फिल्म में लगातार देरी हो रही थी और वो स्क्रिप्ट से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। खबरें ये भी हैं कि मेकर्स ने रणवीर से करीब 40 करोड़ रुपये की भरपाई की मांग की है।
इस पूरे विवाद पर अब रणवीर सिंह की टीम ने भी चुप्पी तोड़ी है। उनके प्रवक्ता ने बयान जारी करते हुए कहा कि रणवीर फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं। उन्होंने जानबूझकर पूरे मामले पर शांत रहने का फैसला किया है क्योंकि उनका मानना है कि प्रोफेशनल मामलों को सम्मान और समझदारी के साथ सुलझाया जाना चाहिए।
बयान में आगे कहा गया कि रणवीर कभी भी अफवाहों और विवादों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने में विश्वास नहीं रखते। उनका पूरा फोकस अपने काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर है। साथ ही उन्होंने डॉन फ्रेंचाइजी की सफलता की भी कामना की है।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच ये विवाद आखिर कब खत्म होगा और क्या भविष्य में दोनों फिर साथ काम करते नजर आएंगे या नहीं।