”धन्नासेठों को बढ़ावा देती है..” सपा के घोषणा पत्र पर मायावती का बड़ा हमला

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के ‘जन-मन घोषणा-पत्र’ को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सपा के घोषणा-पत्र को ‘कोरा हवाहवाई’ बताते हुए कहा कि यह ‘थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को चरितार्थ करता है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का स्वभाव और चरित्र गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हितों के खिलाफ रहा है। उन्होंने इसे ‘जन-मन’ के बजाय ‘धन-मन वादी’ घोषणा-पत्र बताया।

मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सपा की नीतियां जातिवादी और धन्नासेठ-समर्थक रही हैं। उन्होंने हाल में हुए यूपी राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि सपा ने PDA को बढ़ावा देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता दी। मायावती ने सवाल किया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याएं कैसे दूर होंगी।

उन्होंने कहा कि सपा का घोषणा-पत्र वास्तव में धन-मन वादी है और पार्टी धनी व बाहुबलियों को चुनाव मैदान में उतार सकती है। मायावती ने ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ को बीएसपी की नीति और सिद्धांत बताया।

मायावती ने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैये तथा यूपी को जातिवादी द्वेष और दंगा-युक्त प्रदेश बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के वादे और घोषणाएं चुनावी छलावा हैं और जनता को सावधान रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *