Knews Desk- नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ग्रैंड इवेंट दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म की पूरी स्टारकास्ट पहली बार एक साथ नजर आई। कार्यक्रम में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, सनी देओल और अरुण गोविल समेत फिल्म से जुड़े कई कलाकार मौजूद रहे। इस दौरान फिल्म के ट्रेलर की स्पेशल स्क्रीनिंग भी रखी गई।
इस खास कार्यक्रम को मशहूर कवि कुमार विश्वास ने होस्ट किया। उन्होंने मंच से फिल्म की तैयारी और कलाकारों से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। कुमार विश्वास ने बताया कि रणबीर कपूर और साई पल्लवी ने अपने किरदारों को समझने के लिए काफी मेहनत की और पूरी श्रद्धा के साथ अपनी भूमिकाओं में खुद को ढाला।
कुमार विश्वास ने रणबीर कपूर से जुड़ा एक खास किस्सा बताते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान अभिनेता अक्सर उनसे बातचीत करते थे। जब भी रणबीर को अपने किरदार या किसी बात को लेकर दुविधा होती थी, तो वह उनसे सलाह लेते थे।
मंच पर रणबीर कपूर ने भी इस बात को स्वीकार किया कि वह कई बार कुमार विश्वास से बात करते थे। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें किसी तरह की परेशानी या तनाव महसूस होता था, तो वह कुमार विश्वास को फोन करते थे और वह हमेशा उन्हें भगवान राम पर भरोसा रखने की सलाह देते थे।
कार्यक्रम के दौरान कुमार विश्वास ने बताया कि एक बार रणबीर कपूर ने उनसे एक बेहद सरल लेकिन गहरा सवाल पूछा था। रणबीर ने उनसे पूछा था, “राम भगवान हैं या इंसान?” इस सवाल पर दोनों के बीच करीब एक घंटे तक विस्तार से बातचीत हुई।
कुमार विश्वास ने बताया कि बातचीत खत्म होने के बाद उन्होंने रणबीर से पूछा था कि क्या उन्हें अपने सवाल का जवाब मिल गया है। उन्होंने कहा कि रणबीर का यह सवाल उनकी अपने किरदार को समझने और भगवान राम के व्यक्तित्व को जानने की गहरी इच्छा को दर्शाता है।
फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। वहीं, अरुण गोविल और सनी देओल भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।