Knews Desk – बिहार में औद्योगिक विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में 2.25 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर मुहर लगी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ‘उद्यमियों से संवाद’ एवं ‘एमओयू एक्सचेंज’ कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उद्योग एवं ऊर्जा विभाग और प्रमुख कंपनियों के बीच कई समझौते हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘Build in Bihar, Believe in Bihar’ का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बिहार पूरी तरह तैयार है और निवेशक खुलकर आगे आएं।
बिहार सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि राज्य में आने वाले निवेश प्रस्तावों को 30 दिनों के भीतर मंजूरी मिलेगी। 30 दिन में मंजूरी नहीं मिलने पर 31वें दिन प्रस्ताव को स्वतः स्वीकृत मान लिया जाएगा।
एनटीपीसी और न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ने 70-70 हजार करोड़ रुपये के निवेश का समझौता किया है। अडानी हाइड्रो एनर्जी ने 19,800 करोड़ रुपये, फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री ने 12,500 करोड़ रुपये, सीटीआरएलएस ने 10,000 करोड़ रुपये और रेनवियन ने 10,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए हाथ मिलाया है।
राज्य की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए 11,000 मेगावाट बिजली के लिए भी समझौता हुआ है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने आगामी 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार बिजली क्षेत्र में 23,000 करोड़ रुपये की सब्सिडी दे रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 1.92 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 6 वर्षों में 13 लाख सरकारी नौकरियां और 2 करोड़ रोजगार के अवसर दिए गए। साथ ही राज्य में 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में 12 नई टाउनशिप विकसित होंगी। सीतामढ़ी में माता सीता की जन्मस्थली सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का भव्य विकास किया जाएगा। उत्तर बिहार की नदियों की गाद के वैज्ञानिक उपयोग के लिए नई नीति बनी है। राज्य के तटबंधों को और ऊंचा किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बिहार अहम भूमिका निभाएगा।