सावित्री देवी के निधन पर कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर जताया दुख, योगी आदित्यनाथ के साथ मां की पुरानी तस्वीर शेयर कर दी श्रद्धांजलि
Knews Desk – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन से शोक की लहर है। 91 साल की उम्र में शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर सावित्री देवी ने अंतिम सांस ली। उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते उनका निधन हुआ।
सावित्री देवी के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक जगत के साथ-साथ मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी शोक जताया। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर योगी आदित्यनाथ और उनकी मां की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कंगना रनौत ने तस्वीर के साथ भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सबसे ज्यादा दुखद खबर है कि उनके भाई योगी जी की माताजी का 91 साल की उम्र में उत्तराखंड में निधन हो गया। कंगना ने संदेश के अंत में ‘ॐ शांति’ लिखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
कंगना के अलावा अभिनेता अरुण गोविल और लेखक-गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। अरुण गोविल ने सावित्री देवी की तस्वीरें शेयर कर श्रद्धांजलि दी, जबकि मनोज मुंतशिर ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखकर योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा। निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड पहुंचे और शुक्रवार को पंचूर गांव स्थित अपने घर जाकर मां के अंतिम दर्शन किए। पंचूर ही योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव है और उनका बचपन भी यहीं बीता था।
मां के निधन की खबर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है।