Knews Desk – लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को FICCI में पीएम मोदी के उस भाषण को लेकर निशाना साधा, जिसमें उन्होंने उद्योगपतियों से नौकरी देने और कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने को लेकर सवाल किया था। राहुल गांधी ने कहा कि ये उद्योग जगत के लीडर्स पर लगाए गए आरोप नहीं हैं, बल्कि मोनोपोली बनाने और एक समान अवसर को खत्म करने का उनका खुद का कबूलनामा है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को FICCI की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए उद्योगपतियों से सवाल किया था कि सरकार की ओर से टैक्स में भारी छूट दिए जाने के बावजूद उस अनुपात में नौकरियां क्यों नहीं पैदा हुईं और लोगों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ीं। उन्होंने उद्योगपतियों को चुनौती दी कि वे उपभोक्ताओं की बढ़ी हुई परचेजिंग पावर को अधिक रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में बदलें।
पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा, “कल पीएम मोदी उद्योगपतियों को ताना मार रहे थे- ‘हमने टैक्स घटा दिया, फिर भी आपने न तो सैलरी बढ़ाई और न ही नौकरियां पैदा कीं।’ मोदी जी, ये उन पर लगाए गए आरोप नहीं हैं- बल्कि यह आपका अपना ही कबूलनामा है।”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “आप कहते हैं, ‘आपकी भूख इतनी बड़ी है कि आपको चाहे कितना भी दे दिया जाए, पेट नहीं भरता।’ बिल्कुल सही कहा। पूरा देश जानता है कि यह भूख किसकी है। जिन्हें एयरपोर्ट, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें सौंप दी गईं- उन्होंने लोगों के लिए कितनी नौकरियां पैदा कीं?”
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पोस्ट में छोटे व्यापारियों और MSME को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारी और MSME, जो नौकरियां पैदा करते हैं, उन्हें नोटबंदी और गलत GST के जरिए बर्बाद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बड़ी कंपनियां ईमानदारी से मुकाबला करती थीं, उनके लिए पूरा मैदान ही खत्म कर दिया गया।
राहुल गांधी ने कहा, “अब मोनोपोली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं। इसकी वजह से कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, “‘आप लोग करो, हम देख लेंगे?’ मोदी जी, लूट आपने और आपके दोस्तों ने मचाई है, इसे पूरे देश ने देखा और अभी भी देख रहा है।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि पीएम मोदी इसलिए नाराज हो गए क्योंकि उनके भाषण पर उन्हें कोई तालियां नहीं मिलीं। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों ने किसी को भी ऐसा नहीं छोड़ा जो उनकी तारीफ कर सके। उन्होंने कहा कि न उद्योगपति, न छोटे व्यापारी, न महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग और न ही देश के बेरोजगार युवा किसी को ताली बजाने लायक छोड़ा गया है।
राहुल गांधी ने कहा, “अब आपके पास जो भी ‘भक्त’ बचे हैं, उन्हीं से अपनी तारीफ करवा लीजिए और उनसे थालियां बजवा लीजिए।”
वहीं, FICCI की वार्षिक आम बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार ने कारोबारी माहौल को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें 2014 में 30 फीसदी मूल कॉर्पोरेट टैक्स की दर को घटाकर 22 फीसदी करना, टैक्स रिटर्न और रिफंड की प्रक्रियाओं को काफी सरल बनाना और कई उत्पादों पर GST की दरों में भारी कमी करना शामिल है।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने उद्योग जगत के नेताओं से कहा था, “मुझे पता है कि आप तालियां नहीं बजाएंगे। मुझे यह अच्छी तरह पता है, क्योंकि आपकी भूख इतनी बड़ी है कि आप चाहे जितना भी पा लें, वह कभी काफी नहीं होता।”
पीएम मोदी ने आगे कहा था कि उन्होंने 12 लाख रुपये तक की आय पर इनकम टैक्स में राहत दी है, लेकिन क्या उद्योगपतियों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई और क्या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई।