Knews Desk- बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही खानदान से ताल्लुक रखते थे। हादसे में रामप्रवेश राय के परिवार के 7, राजकिशोर राय के परिवार के 5 और डोमन राय के परिवार की एक बच्ची की जान चली गई।
यह दर्दनाक हादसा राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, 20 से 30 लोगों से भरी एक निजी नाव पड़ोसी गांव में आयोजित श्राद्ध के भोज में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान गंगा नदी के बीच नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और कई लोग पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने नाव के जर्जर होने और उसकी क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 13 बच्चों के शव नदी से निकाले गए। तीन बच्चों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे आपस में गोतिया परिवारों से थे। मृतकों में अधिकांश की उम्र 15 साल से कम बताई गई है, जबकि दो बच्चियों की उम्र करीब 18 साल थी। एक ही परिवार के इतने बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सभी शवों को राघोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां पुलिस बल तैनात किया गया और शवों के पंचनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जर्जर नाव और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया। बिहार सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी 13 बच्चों के परिजनों को आपदा राहत कोष से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।