KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म लव एंड वॉर को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे समय से इसकी रिलीज डेट को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है, और मेकर्स ने आखिरकार फिल्म की रिलीज का ऐलान कर दिया है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
लव एंड वॉर अब 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि यह फिल्म 2026 में ही आ जाएगी, लेकिन अब इसकी रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया है। भंसाली प्रोडक्शन ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की।
दमदार स्टारकास्ट से बढ़ा क्रेज
इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी स्टारकास्ट है। इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि फिल्म एक इमोशनल लव ट्रायंगल पर आधारित होगी, जिसमें तीनों किरदारों के बीच गहरी कहानी दिखाई जाएगी।
बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा क्लैश
दिलचस्प बात यह है कि लव एंड वॉर का सीधा मुकाबला द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज से होने वाला है, जिसमें ऋषभ शेट्टी नजर आएंगे। दोनों ही फिल्मों का स्केल बड़ा है और स्टार पावर भी जबरदस्त, ऐसे में यह क्लैश बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला बन सकता है।
https://www.instagram.com/p/DXOa43wCBeW/
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का करीब 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। संजय लीला भंसाली अपनी भव्य और विजुअली शानदार फिल्मों के लिए जाने जाते हैं, और इस बार भी दर्शकों को कुछ खास देखने को मिलने की उम्मीद है। फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगू में भी रिलीज किया जाएगा।
दूसरी तरफ भी बड़ा दांव
वहीं, द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज भी बड़े बजट और दमदार स्टारकास्ट के साथ आ रही है। इस फिल्म में शेफाली शाह और जनाई भोसले भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
ऋषभ शेट्टी की पिछली फिल्म ‘कांतारा’ ने बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी, जिससे इस नई फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।