सुकेश चंद्रशेखर को बड़ा झटका! मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैकलीन फर्नांडिस बनेंगी सरकारी गवाह

KNEWS DESK – महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ा मोड़ आ गया है। बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस ने अब इस मामले में नया रुख अपनाते हुए सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई है। उनके इस फैसले को केस में एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

सरकारी गवाह बनने की तैयारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैकलीन फर्नांडिस के वकील ने पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान बताया कि एक्ट्रेस इस केस में सरकारी गवाह बनना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ED) से औपचारिक अनुरोध भी किया है। खास बात यह है कि इससे पहले जैकलीन ने ऐसा करने से इनकार किया था, लेकिन अब उनका यह बदला हुआ रुख केस की दिशा बदल सकता है।

मामले में आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन को करोड़ों रुपये के महंगे गिफ्ट्स दिए थे, जिनमें लग्जरी कार, ज्वेलरी और डिजाइनर कपड़े शामिल थे। इन तोहफों को स्वीकार करने के चलते ED ने जैकलीन को भी सह-आरोपी माना था।

कोर्ट तक पहुंचा मामला

इस केस में राहत पाने के लिए जैकलीन फर्नांडिस ने साल 2025 में सुप्रीम कोर्ट का रुख भी किया था। अब सरकारी गवाह बनने का उनका फैसला कानूनी रणनीति का बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

सुकेश पर कई केस

सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ कुल 31 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 26 में उन्हें जमानत मिल चुकी है। हालांकि, कुछ मामलों की सुनवाई अभी भी जारी है, जिसके चलते उनकी रिहाई संभव नहीं हो पाई है। मनी लॉन्ड्रिंग के अलावा उन पर चुनाव चिन्ह से जुड़ी धोखाधड़ी के भी आरोप हैं।

करियर पर पड़ा असर

इस विवाद का असर जैकलीन फर्नांडिस के करियर पर भी देखने को मिला है। बीते कुछ समय में उनकी पब्लिक अपीयरेंस कम हुई हैं और फिल्मों की संख्या भी घटी है। हालांकि 2025 में वह ‘फतेह’, ‘रेड 2’ और ‘हाउसफुल 5’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। आने वाले समय में वह मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *