रोहित शर्मा की चोट पर बड़ा अपडेट, MI के कोच बोले- जल्दबाजी नहीं करेंगे

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए हालात लगातार मुश्किल होते जा रहे हैं। सीजन की शुरुआत जीत के साथ करने के बाद टीम अब लगातार चार मुकाबले हार चुकी है और अंक तालिका में निचले पायदान पर पहुंच गई है। इसी बीच टीम को एक और झटका लगा, जब उसके स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा चोटिल हो गए।

दरअसल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में रोहित शर्मा दूसरी पारी के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते नजर आए। रन चेज के दौरान उन्हें बीच में ही मैदान छोड़ना पड़ा, जिसके बाद उन्हें अगले मैच में आराम दिया गया। पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में वह टीम का हिस्सा नहीं थे।

टीम के कप्तान हार्दिक पंड्या ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि रोहित की वापसी में थोड़ा समय लग सकता है और उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब टीम के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने भी उनकी स्थिति को लेकर अपडेट दिया है।

जयवर्धने के अनुसार, रोहित शर्मा की चोट गंभीर नहीं है और वह तेजी से रिकवरी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रोहित ने हल्की दौड़ और बल्लेबाजी शुरू कर दी है, लेकिन टीम प्रबंधन किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहता। उनका मानना है कि टूर्नामेंट अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए खिलाड़ी की फिटनेस को लेकर सतर्क रहना जरूरी है।

वहीं, टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर भी जयवर्धने ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ किया कि लगातार हार के लिए सिर्फ कप्तान हार्दिक पंड्या को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उनके मुताबिक, यह पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रदर्शन को बेहतर बनाया जाए।

मुंबई इंडियंस के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती टीम संतुलन और खिलाड़ियों की फॉर्म को वापस पटरी पर लाना है। फैंस को उम्मीद होगी कि रोहित शर्मा जल्द वापसी करें और टीम एक बार फिर जीत की राह पकड़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *