महिला आरक्षण पर वोटिंग से पहले PM मोदी ने की पोस्ट, कहा- ‘आइए आज इतिहास रचें’, विपक्षी दलों से की ये खास अपील…

KNEWS DESK- संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल को लेकर जारी बहस अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। गुरुवार देर रात तक चली लंबी चर्चा के बाद शुक्रवार को भी लोकसभा में इस मुद्दे पर बहस जारी रही और अब शाम 4 बजे इस पर अहम वोटिंग होनी है।

वोटिंग से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए सभी सांसदों से महिला आरक्षण के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस बिल पर संसद में विस्तृत और गंभीर चर्चा हो चुकी है, जिसमें हर सवाल और आशंका का जवाब दिया गया है।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि पिछले चार दशकों से महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीति होती रही है, लेकिन अब समय आ गया है कि देश की आधी आबादी को उनका अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी महिलाओं का निर्णय प्रक्रिया में सीमित प्रतिनिधित्व होना चिंताजनक है।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और सांसदों से आग्रह किया कि वे संवेदनशीलता और समझदारी के साथ निर्णय लें और महिला आरक्षण के समर्थन में वोट करें। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि देश की करोड़ों महिलाओं की नजर इस फैसले पर टिकी है और ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाना चाहिए, जिससे उनकी भावनाएं आहत हों।

अपने एक अन्य संदेश में उन्होंने भावनात्मक अपील करते हुए सांसदों से कहा कि वे अपने परिवार की महिलाओं—मां, बहन, बेटी और पत्नी—को याद करते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें। उन्होंने इसे देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक अवसर बताया।

प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह संशोधन सर्वसम्मति से पारित होगा, जिससे न केवल महिलाओं को नया अवसर मिलेगा, बल्कि देश का लोकतंत्र भी और मजबूत होगा। अब सभी की नजरें लोकसभा में होने वाली इस अहम वोटिंग पर टिकी हैं, जो भारतीय राजनीति में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *