KNEWS DESK- नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसी क्रम में दिल्ली पुलिस रविवार को VVIP कारकेड की रिहर्सल कर रही है. रिहर्सल के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर यातायात को रोकने या डायवर्ट करने की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में घर से निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर चलने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग और सुब्रमण्यम भारती मार्ग समेत कई वीआईपी रूट प्रभावित रहेंगे. इसके अलावा मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, सत्या मार्ग और शांतिपथ पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.
जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एनक्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोस टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग भी प्रभावित मार्गों की सूची में शामिल हैं.
इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
तिलक मार्ग से कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहन चालकों को बहादुर शाह जफर मार्ग और सिकंदरा रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर सामान्य यातायात प्रभावित रहेगा.
आईटीओ क्रॉसिंग से कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा. ऐसे वाहन आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग और बहादुर शाह जफर मार्ग से होकर जा सकते हैं.
कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, पंचकुइयां रोड, मिंटो रोड और बाराखंबा रोड पर भी ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा. पटेल चौक से संसद मार्ग की ओर जाने वाले यातायात को रोका जाएगा, जबकि अशोका रोड चालू रहेगा. भैरव रोड, मंडी हाउस, फिरोजशाह रोड, भगवान दास रोड और कॉपरनिकस मार्ग पर भी असर देखने को मिलेगा.
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के लिए ये रास्ते अपनाएं
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री आईएसबीटी कश्मीरी गेट, बुलवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग और पंचकुइयां रोड का रास्ता ले सकते हैं.
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट से रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है.
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए एम्स, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का मार्ग सुझाया गया है.
वहीं IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को रिंग रोड, एम्स, मोती बाग, शंकर विहार फ्लाईओवर, NH-48 और महिपालपुर फ्लाईओवर वाला रूट लेने की सलाह दी गई है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आज अनावश्यक सड़क यात्रा से बचें और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करें. जरूरी यात्रा पर निकलने वाले लोग वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें.