पेट्रोल में ज्यादा एथेनॉल पर राहुल गांधी ने घेरा केंद्र, पूछा- कंपनियों पर कार्रवाई कब?

राहुल गांधी ने पेट्रोल में 20 फीसदी से ज्यादा एथेनॉल मिलाए जाने का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जनता पेट्रोल के पूरे पैसे दे रही है, लेकिन उसकी गाड़ी में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल डाला जा रहा है।

Knews Desk- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलाए जाने के आरोप को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सवाल उठाया कि अगर कंपनियां पेट्रोल में निर्धारित सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिला रही हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी।

राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार की ओर से पेट्रोल के सैंपल की कराई गई जांच का हवाला दिया। उनके मुताबिक, राज्य के सात जिलों से पेट्रोल के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त लैब में जांच कराई गई। इस जांच में 14 में से 11 सैंपल में एथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी से ज्यादा पाई गई।

राहुल गांधी के दावे के अनुसार, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन यानी IOCL के एक सैंपल में एथेनॉल की मात्रा 31.2 फीसदी और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी HPCL के एक सैंपल में 30.5 फीसदी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों से पेट्रोल की कीमत तो पूरी ली जा रही है, लेकिन उनकी गाड़ियों में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलाया जा रहा है।

राहुल गांधी ने इसे जनता की गाड़ी से पेट्रोल की चोरी करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि ज्यादा एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों पर आखिर कब कार्रवाई होगी। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *