KNEWS DESK- मिस वर्ल्ड 2026 के विजेता का ऐलान हो चुका है। डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला ने प्रतिष्ठित मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम कर लिया है। 5 सितंबर को वियतनाम के न्हा ट्रांग में आयोजित 73वें मिस वर्ल्ड ग्रैंड फिनाले में उन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों से पहुंचीं 110 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
फिनाले में स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस अलाबर्न फर्स्ट रनर अप रहीं, जबकि मलेशिया की तानुसिया चेट्टी को सेकंड रनर अप चुना गया। भारत की ओर से प्रतियोगिता में शामिल हुईं निकिता पोरवाल ने भी शानदार प्रदर्शन किया और टॉप 40 फाइनलिस्ट्स में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहीं।
https://www.instagram.com/reel/Dc6bjPxJtjt/?utm_source=ig_web_copy_link&stkn=NTc4MTIwNjQ2YQ==
कौन हैं जोहेरी मोला?
जोहेरी मोला की पहचान सिर्फ एक मॉडल के तौर पर नहीं है। वह शिक्षिका, कम्युनिटी एडवोकेट और कम्युनिकेटर के रूप में भी काम कर चुकी हैं। मिस वर्ल्ड से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई की है। जोहेरी मोला ‘वॉइस ऑफ टुमारो’ नाम की पहल की संस्थापक और अध्यक्ष हैं। यह पहल जरूरतमंद और कमजोर समुदायों से जुड़े बच्चों और युवाओं को अंग्रेजी भाषा की शिक्षा देने की दिशा में काम करती है। वह खुद भी बच्चों को पढ़ाती हैं और अंग्रेजी साहित्य व सामाजिक विज्ञान के साथ उनके व्यक्तित्व विकास तथा बेहतर सोच विकसित करने पर ध्यान देती हैं।
मीडिया से भी रहा है जुड़ाव
जोहेरी मोला का मीडिया जगत से भी पुराना संबंध रहा है। वह यूनिविजन न्यूयॉर्क के ‘वेंटाना ए क्विसक्वेया’ में कॉरेस्पॉन्डेंट के तौर पर काम कर चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने डोमिनिकन संस्कृति, सामाजिक विषयों और समुदाय से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग की। इसके अलावा जोहेरी एक प्रोफेशनल मॉडल भी हैं। वह ‘गोया गिव्स’ की एंबेसडर के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। शिक्षा, मीडिया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े उनके अनुभव ने उनकी अलग पहचान बनाई है।
जोहेरी लगातार शिक्षा और सामाजिक बदलाव के जरिए लोगों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की बात करती रही हैं। यही वजह है कि मिस वर्ल्ड 2026 के मंच पर उनकी यात्रा केवल खूबसूरती और मॉडलिंग तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक उद्देश्य और लोगों के लिए काम करने की उनकी प्रतिबद्धता भी चर्चा में रही।